T20 World Cup 2026

संजय राउत के खिलाफ मुंबई में केस दर्ज; 'सामना' में PM मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक आर्टिकल लिखने का है आरोप

संजय राउत के खिलाफ भाजपा यवतमाल के संयोजक नितिन भुटाडा ने शिकायत दर्ज कराई थी. न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक संजय राउत 'सामना' अखबार के कार्यकारी संपादक हैं.

Naresh Chaudhary

Case Against on Sanjay Raut in Mumbai: महाराष्ट्र में शिवसेना (यूटीबी) पार्टी के मुखपत्र 'सामना' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक आर्टिकल लिखने के आरोप में मुंबई की यवतमाल पुलिस ने नेता संजय राउत के खिलाफ मामला दर्ज किया है. जानकारी के मुताबिक संजय राउत के खिलाफ भाजपा यवतमाल के संयोजक नितिन भुटाडा ने शिकायत दर्ज कराई थी. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, राउत अखबार 'सामना' के कार्यकारी संपादक हैं.

11 दिसंबर को सामना में छपा था पीएम मोदी के खिलाफ लेख

अपनी शिकायत में भाजपा नेता ने दावा किया है कि राउत ने 11 दिसंबर को पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक लेख लिखा था. बताया गया है कि संजय राउत के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153 (ए) (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 505 (सार्वजनिक शरारत पैदा करने वाले बयान) (2) और 124 (ए) (नफरत या अवमानना ​​​​का प्रयास) के लिए उमरखेड़ पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है.

संजय राउत ने कहा- क्या अमित शाह के खिलाफ भी होगा केस

इस मामले में शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने भी अपने बयान में कहा है कि मेरे खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, क्योंकि मैंने प्रधानमंत्री के खिलाफ बोला था. देश में अभी भी लोकतंत्र है. संजय राउत ने कहा कि हम पीएम मोदी का सम्मान करते हैं.

अमित शाह ने कुछ दिन पहले पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू पर टिप्पणी की थी, क्या उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा? हमारे देश में लोकतंत्र है और कई नेता बयान देते हैं. अगर लोग ऐसा करेंगे तो इसके खिलाफ मामले दर्ज करें, फिर उन्हें यह कहने का अधिकार नहीं है कि उन्होंने आपातकाल के खिलाफ लड़ाई लड़ी.