menu-icon
India Daily

'बहुत दुखी हूं...', PM मोदी ने कुरनूल बस हादसे पर जताया दुख, पीड़ितों परिवारों के लिए किया मुआवजे का ऐलान

PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल बस हादसे पर गहरा शोक जताया, जिसमें कम से कम 20 लोगों की मौत हुई. उन्होंने मृतकों के परिवारों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की सहायता राशि देने की घोषणा की तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की.

princy
Edited By: Princy Sharma
'बहुत दुखी हूं...', PM मोदी ने कुरनूल बस हादसे पर जताया दुख, पीड़ितों परिवारों के लिए किया मुआवजे का ऐलान
Courtesy: Pinterest

Kurnool Bus Tragedy: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुई बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. इस दुर्घटना में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई. प्रधानमंत्री ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.

प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से वित्तीय सहायता की भी घोषणा की. मृतकों के परिवारों को ₹2-₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 रकम देने का वादा किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा एक्स पर शेयर की गई एक पोस्ट में लिखा है, 'आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि से अत्यंत दुखी हूं. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं'. 

44 यात्री बस में थे सवार

यह दुखद घटना शुक्रवार तड़के लगभग 3:30 बजे कल्लूर मंडल के चिन्नातेकुर गांव के पास हुई, जब कावेरी ट्रैवल्स की एक निजी बस में आग लग गई. पुलिस रिपोर्टों के अनुसार, बस हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी और उसमें लगभग 44 यात्री सवार थे. दुर्घटना के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे.

कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?

यह दुर्घटना कुरनूल के पास हाईवे पर बस की एक मोटरसाइकिल से टक्कर के बाद हुई. बताया जा रहा है कि दोपहिया वाहन बस के नीचे फंस गया और ईंधन टैंक से टकरा गया, जिससे एक जोरदार विस्फोट हुआ और आग लग गई. कुछ ही पलों में, आग पूरी बस में फैल गई और कई यात्री अंदर फंस गए.

खौफनाक फोटो आई सामने

घटनास्थल से प्राप्त तस्वीरों में सड़क के बीचों-बीच बस पूरी तरह से आग की लपटों में घिरी हुई दिखाई दे रही थी. दमकलकर्मी और पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और कई यात्रियों को बचाने में कामयाब रहे. हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, बस पूरी तरह से जल चुकी थी और कई लोगों की जान चली गई.

 21 यात्रियों को सुरक्षित बचाया

कुरनूल के जिला कलेक्टर ए. सिरी ने पुष्टि की कि 21 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 20 अन्य की मौत हो गई. उन्होंने एएनआई को बताया, 'यह दुर्घटना सुबह 3 से 3:10 बजे के बीच हुई जब बस एक बाइक से टकरा गई, जिससे ईंधन का रिसाव हुआ और आग लग गई. अब तक 11 मृतकों के शवों की पहचान हो चुकी है और बाकी की पहचान के प्रयास जारी हैं.'