Asaduddin Owaisi on Nitish Kumar: बिहार में राजनीतिक उठापटक में लगातार हो रहे बदलाव पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं और ऐसा लग रहा है कि मानों एक बार फिर से सियासी बवंडर आने वाला है जिसके चलते आरजेडी और जेडीयू का गठबंधन टूट जाएगा और सरकार बनाने के लिए नीतीश कुमार एक बार फिर से बीजेपी का हाथ थामते नजर आएंगे.
एक साल पुराना वीडियो फिर हो रहा है वायरल
जहां बिहार में जेडीयू , आरजेडी और बीजेपी नेताओं के बीच बैठकों का दौर लगा हुआ है तो वहीं पर सोशल मीडिया पर एआईएमआईएम के चीफ असदुद्दीन ओवैसी का एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो 18 मार्च 2023 का है जिसमें असदुद्दीन ओवैसी एक जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साध रहे हैं.
वीडियो में ओवैसी ने नीतीश पर साधा है निशाना
बिहार में सियासी उठापटक को देखते हुए ओवैसी ने एक बार फिर से अपने उसी पुराने वीडियो को रिट्वीट किया है जिसमें वो नीतिश कुमार के गठबंधन करने और फिर तोड़ देने की बात याद दिला कर निशाना साध रहे हैं.
वीडियो में ओवैसी कह रहे हैं,'नीतीश कुमार का कुछ समझ नहीं आता है, कभी वो बीजेपी से निकाह कर लेते हैं तो कभी वो आरजेडी से निकाह कर लेते हैं. कभी वो पीएम मोदी को तीन तलाक कह देते हैं तो कभी तेजस्वी यादव को तीन तलाक कह देते हैं. आखिर इनके जहन में क्या है कोई नहीं जानता, ये ठहरेंगे या पलट जाएंगे इसकी कोई भी बात नहीं कर सकता है.'
چیف منسٹر بہار نتیش کمار کی متلون مزاجی کے تعلق سے صدر مجلس بیرسٹر اسدالدین اویسی کا دلچسپ تبصرہ وائرل ہوگیا
— Nawab Abrar (@nawababrar131) January 26, 2024
Alluring remarks made by Br @asadowaisi, regarding Chief Minister @NitishKumar 's fickle inclination, have gone viral. pic.twitter.com/2pDuzYSZA2
उल्लेखनीय है कि साल 2020 में जब बिहार विधानसभा चुनावों का आयोजन हुआ था तो एआईएमआईएम पार्टी ने भी एंट्री मारते हुए 5 सीटों पर जीत हासिल की थी लेकिन बाद में उसके 4 विधायक आरजेडी में शामिल हो गए थे. इसी दौरान ओवैसी ने कहा था कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी का प्यार काफी मजबूत है और बिहार की जनता जिस गठबंधन के नाम पर उन्हें वोट दे रही है वही उस गठबंधन को तोड़कर एक दिन पीएम मोदी के साथ जा मिलेंगे.
आपको बता दें कि बिहार में आरजेडी और जेडीयू के बीच दूरियों की खबर ने राजनीतिक पारे का बढ़ा दिया है. जहां जेडीयू ने आने वाले सभी कार्यक्रम को कैंसिल कर दिया है तो वहीं पर खबर ये भी है कि वो रविवार को राजभवन पहुंच कर इस्तीफा दे सकते हैं. वहीं दूसरी तरफ आरजेडी ने 'हम' पार्टी के अध्यक्ष जीतन राम मांझी को साधने के लिए सीएम बनाने तक का ऑफर दिया है, हालांकि इस ऑफर पर 'हम' पार्टी के नेता दानिश रिजवान ने एनडीए के साथ बने रहने की बात दोहराई है.