Bihar Political Crisis: बिहार में हो रहे सियासी संग्राम ने सभी राजनीतिक पार्टियों के होश उड़ा दिए हैं. लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी को तो बड़ा झटका लगा ही है, लेकिन भाजपा के खिलाफ कांग्रेस के नेतृत्व में बने I.N.D.I.A गठबंधन को भी बड़ा सदमा लगा है, क्योंकि पंजाब और पश्चिम बंगाल के बाद अब बिहार भी I.N.D.I.A के हाथों से निकलता दिखाई दे रहा है. इसी बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से बड़ा बयान सामने आया है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा है कि पार्टी बिहार राजनीतिक संकट के बीच I.N.D.I.A ब्लॉक में मतभेदों को दूर करने की पूरी कोशिश कर रही है. बेंगलुरु में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें जनता दल (यूनाइटेड) के गठबंधन छोड़ने के बारे में कोई जानकारी नहीं है. इससे पहले दिन में सूत्रों की ओर से बताया गया था कि जेडीयू के दिग्गज नेता नीतीश कुमार आज बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और कई कांग्रेस विधायक उनके साथ जाएंगे.
खड़गे ने यह भी कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार को पत्र लिखा है और उनसे बात करने की कोशिश भी की है. कांग्रेस प्रमुख ने संवाददाताओं से कहा कि मुझे नहीं पता कि नीतीश के मन में क्या है? कल मैं दिल्ली जाऊंगा और पूरी जानकारी लूंगा. इसके बाद देखते हैं क्या होता है. मल्लिलकार्जुन खड़गे ने यह भी कहा कि कांग्रेस I.N.D.I.A गठबंधन में सभी को एकजुट करने की पूरी कोशिश कर रही है. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी से भी बात की है.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैंने उनसे (ममता बनर्जी और सीताराम येचुरी से) कहा कि हमें एकजुट होने की जरूरत है, तभी हम (आगामी लोकसभा चुनाव में) अच्छी लड़ाई दे सकते हैं. कांग्रेस प्रमुख ने आगे कहा कि जो कोई भी चाहता है कि I.N.D.I.A गठबंधन अच्छा काम करे और लोकतंत्र बचाया जाए, तो वह जल्दबाजी में निर्णय नहीं करेगा.