Aaj ka Mausam 4 October 2025: अक्टूबर का महीना शुरू होते ही मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं. आईएमडी (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 36 घंटों तक उत्तर भारत और मध्य भारत के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि होगी. पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी हिस्सों में बर्फबारी दर्ज की जाएगी.
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है. कई जिलों में घने बादलों के साथ आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की गई है. बुंदेलखंड के बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर और प्रतापगढ़ में तेज बारिश की संभावना. वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, बहराइच और सीतापुर समेत 30 से ज्यादा जिलों में वज्रपात और आंधी की चेतावनी.
बिहार में अगले एक हफ्ते तक लगातार तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. पटना, बक्सर, सीतामढ़ी, शिवहर, जहानाबाद, कैमूर, गया और चंपारण में भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 14 मिमी बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया. सीपीसीबी (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली का AQI 94 दर्ज किया गया जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है. फिलहाल प्रदूषण का स्तर नीचे है लेकिन दिवाली तक हालात बिगड़ सकते हैं.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बर्फबारी शुरू हो चुकी है. उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और चमोली में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट. राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख रहा है. जयपुर, जोधपुर, नागौर, करौली और धौलपुर में तेज बारिश दर्ज की गई. जयपुर मौसम केंद्र ने बूंदी, कोटा, चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में येलो अलर्ट जारी किया है. 5 और 6 अक्टूबर को बीकानेर और जोधपुर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है. भोपाल, छतरपुर, शहडोल और सतना में छिटपुट बारिश की संभावना है. तापमान 29–34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. ओडिशा में भारी बारिश और भूस्खलन से सड़क संपर्क बाधित हो गया है. आईएमडी ने राज्य के 7 जिलों में रेड अलर्टऔर 16 जिलों में ऑरेंज अलर्टजारी किया है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण पश्चिम बंगाल में भारी वर्षा का अलर्ट है. हुगली, बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों में 4 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक तेज हवाओं और बारिश की संभावना है. जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और सिंथन टॉप पर सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज हुई. मौसम विभाग ने 5 से 7 अक्टूबर तक पूरे कश्मीर घाटी में मध्यम से भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है.