menu-icon
India Daily

देश में सर्द हवाओं का कहर, इन इलाकों में बारिश बढ़ाएगी ठंड; पांच राज्यों में शीत लहर का अलर्ट जारी

आज से देश के पांच राज्यों में शीत लहर की चेतावनी जारी की गई है. दिल्ली और उत्तर प्रदेश में तापमान में तेज गिरावट और हवा की गति बढ़ने की चेतावनी दी गई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
देश में सर्द हवाओं का कहर, इन इलाकों में बारिश बढ़ाएगी ठंड; पांच राज्यों में शीत लहर का अलर्ट जारी
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: देश में ठंड ने दस्तक दे दी है और मौसम विभाग ने पांच राज्यों में शीत लहर की चेतावनी जारी की है. आज पश्चिमी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान तेजी से गिरने की संभावना है. इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अगले तीन दिनों तक शीत लहर का प्रकोप देखने को मिलेगा. दूसरी ओर दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और ओडिशा में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार बारिश के खत्म होने के बाद अब सर्द हवाओं ने रफ्तार पकड़ ली है. ठंडी हवाएं उत्तर भारत के कई हिस्सों में चल रही हैं, जिससे सुबह और रात के समय गलन बढ़ गई है. बच्चों और बुजुर्गों को इस दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वहीं दक्षिणी राज्यों में हो रही बारिश के कारण समुद्र किनारे रहने वाले मछुआरों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं. इन राज्यों में तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट देखी जा सकती है.

कैसा रहेगा दिल्ली में मौसम?

दिल्ली में आज से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है जबकि हवा की गति 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. राजधानी में प्रदूषण का स्तर बढ़ा रहेगा जिससे लोगों को मास्क पहनने और सुबह बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में दिल्ली में कोहरा भी छा सकता है.

उत्तर प्रदेश कितना रहेगा तापमान?

उत्तर प्रदेश में भी तापमान में गिरावट जारी रहेगी. लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. ग्रामीण इलाकों में सुबह के समय ज्यादा ठंड महसूस होगी. 17 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा के कारण सर्दी का असर और बढ़ेगा.

उत्तराखंड में कैसी है मौसम की स्थिति?

उत्तराखंड में भी मौसम का रुख सर्द हो गया है. नैनीताल, रुद्रप्रयाग और आसपास के इलाकों में बर्फीली हवा चल सकती है. कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है. पहाड़ी इलाकों में लोगों को आग तापते और गर्म पेय पदार्थ पीते हुए देखा गया है. देश के कई हिस्सों में मौसम का यह बदलाव लोगों के लिए ठंड की शुरुआत का संकेत है. मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग सुबह और रात के समय बाहर निकलते वक्त गर्म कपड़े पहनें और खुद को ठंडी हवाओं से बचाएं.