27 साल बाद बन रही 'ताल 2' के सीक्वल में पुराने एक्टर्स की होगी NO ENTRY! जानें सीक्वल को लेकर सुभाष घई ने क्या कहा?
1999 में रिलीज हुई सुभाष घई की फिल्म 'ताल' आज भी अपने खूबसूरत गानों, रंगीन विजुअल्स और दिलछू कहानी के लिए फैंस के दिलों में बसी हुई है. ऐश्वर्या राय बच्चन, अक्षय खन्ना और अनिल कपूर की जोड़ी वाली इस फिल्म ने उस वक्त धमाल मचा दिया था.
मुंबई: बॉलीवुड के म्यूजिकल रोमांस का दीवाना हर कोई है. 1999 में रिलीज हुई सुभाष घई की फिल्म 'ताल' आज भी अपने खूबसूरत गानों, रंगीन विजुअल्स और दिलछू कहानी के लिए फैंस के दिलों में बसी हुई है. ऐश्वर्या राय बच्चन, अक्षय खन्ना और अनिल कपूर की जोड़ी वाली इस फिल्म ने उस वक्त धमाल मचा दिया था. अब 27 साल बाद इसके सीक्वल 'ताल 2' की चर्चा जोरों पर है.
'ताल 2' की स्क्रिप्ट लगभग तैयार'
फिल्ममेकर सुभाष घई ने खुद इस प्रोजेक्ट को लेकर ताजा अपडेट दिया है. सुभाष घई ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि 'ताल 2' की स्क्रिप्ट लगभग तैयार हो चुकी है. उन्होंने कहा कि अच्छी स्क्रिप्ट लिख लेने के बाद सबसे बड़ी चुनौती कास्टिंग होती है. घई जी का मानना है कि मूल फिल्म की सफलता का राज था उसके फ्रेश चेहरे. उस समय ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना इंडस्ट्री में नए थे, जिन्होंने अपनी मेहनत और परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत लिया.
अब 'ताल 2' में भी वही जादू दोहराने की कोशिश की जाएगी. फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल था कि क्या अनिल कपूर, ऐश्वर्या राय और अक्षय खन्ना सीक्वल में वापसी करेंगे? सुभाष घई ने इस पर साफ जवाब दिया. उन्होंने कहा कि अब मूल कलाकारों को मुख्य भूमिका में नहीं लिया जा सकता क्योंकि समय के साथ सबकी उम्र बढ़ गई है. ओरिजिनल कहानी को ठीक उसी रूप में आगे बढ़ाना भी संभव नहीं लगता. इसलिए फिल्म पूरी तरह नई कहानी और नए कलाकारों के साथ बनेगी.
घई जी ने यह भी कहा कि उनकी फिल्मों में कभी कैमियो या नौटंकी जैसी बात नहीं होती. अगर जरूरत पड़ी तो बड़े स्टार्स से गुजारिश की जा सकती है, लेकिन किरदार के हिसाब से ही फैसला होगा. उन्होंने 'सैयारा' के नए चेहरों अहान पांडे और अनीत पड्डा की तारीफ की, लेकिन साफ किया कि 'ताल 2' में किरदार ऐसे होने चाहिए जो बिल्कुल ताजा और नए लगें. मतलब, फैंस को नई जोड़ी और नई एनर्जी देखने को मिलेगी.
'ताल' एक सिंगर की संघर्ष भरी कहानी थी, जिसमें प्यार, टूटन और स्टारडम का मिला-जुला स्वाद था. फिल्म के गाने आज भी हर उम्र के लोगों को पसंद आते हैं. ए.आर. रहमान का म्यूजिक और आनंद बख्शी के बोल कमाल के थे. 'ताल 2' भी एक म्यूजिकल लव स्टोरी ही होगी, लेकिन पूरी तरह फ्रेश लुक और मॉडर्न टच के साथ. सुभाष घई खुद प्रोडक्शन संभाल रहे हैं और फिल्म को उसी शानदार विजुअल स्टाइल में पेश करने की तैयारी है जो पहली फिल्म की पहचान थी.
फिलहाल फिल्म की शूटिंग या रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. सब कुछ कास्टिंग पर निर्भर कर रहा है. सही समय और सही चेहरों के मिलते ही प्रोजेक्ट तेजी पकड़ सकता है. फैंस में इस सीक्वल को लेकर काफी उत्साह है, खासकर उन लोगों में जो 90s के म्यूजिकल रोमांस को आज भी याद करते हैं.