सलमान खान के करीबी सेलेब्स पर क्यों बढ़ रहे हमले? कैसे लॉरेंस बिश्नोई के रडार में आए 'भाईजान'?
काले हिरण शिकार मामले के बाद से सलमान खान और बिश्नोई समुदाय के बीच विवाद लगातार चर्चा में है. अब गैंग के निशाने पर केवल सलमान ही नहीं बल्कि उनके करीबी सेलेब्स और परिवार भी आ रहे हैं.
मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान पिछले दो दशकों से 1998 के काले हिरण शिकार मामले को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं. यह मामला राजस्थान में फिल्म की शूटिंग के दौरान कथित शिकार से जुड़ा था. 2018 में जोधपुर कोर्ट ने उन्हें दोषी ठहराते हुए 5 साल की सजा सुनाई थी, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी. काले हिरण को Wildlife Protection Act 1972 के तहत संरक्षित प्रजाति माना जाता है. बिश्नोई समुदाय काले हिरण को पवित्र मानता है. इसी वजह से यह मामला केवल कानूनी नहीं बल्कि भावनात्मक मुद्दा भी बन गया.
लॉरेंस बिश्नोई 2014 से जेल में बंद है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक उसका नेटवर्क देश और विदेश में सक्रिय है. उसने कई बार खुलेआम सलमान को निशाना बनाने की बात कही है. 2018 के बाद सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. 2022 में सिंगर सिद्धू मूसे वाला की हत्या के बाद सलमान के घर के पास एक धमकी भरा पत्र मिला था. उसमें मूसे वाला जैसा हाल करने की चेतावनी दी गई थी.
क्यों सलमान की करीबियों को निशाना बना रहा है बिश्नोई
14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया. इस घटना के बाद सलमान और उनके परिवार की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई. जैसे जैसे सलमान की सुरक्षा मजबूत हुई, वैसे वैसे गैंग के कथित गुर्गों ने उनके दोस्तों और करीबी लोगों को निशाना बनाना शुरू किया. रिपोर्ट्स के अनुसार सुपरस्टार के करीबी पॉलिटिशियन बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद गैंग ने कथित तौर पर फिरौती की मांग की थी.
भोजपुरी सिंगर पवन सिंह को भी कथित धमकी मिली, जब वह एक शो में सलमान से मिले थे. पंजाबी एक्टर गिप्पी ग्रेवाल के कनाडा स्थित घर पर हमले के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से सलमान से दूरी की बात कही. कॉमेडियन कपिल शर्मा, जो कभी सलमान के प्रोडक्शन से जुड़े रहे हैं, को भी धमकियों का सामना करना पड़ा. वहीं फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की खबरों ने इंडस्ट्री में चिंता बढ़ा दी.
क्या है असली वजह?
एक्सपर्ट का मानना है कि यह पूरा विवाद काले हिरण केस से जुड़ी भावनाओं और बदले की मानसिकता से जुड़ा है. सलमान को सीधे नुकसान पहुंचाना मुश्किल होने के कारण उनके आसपास के लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है. हालांकि सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी में हैं और कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. महाराष्ट्र सरकार के नेताओं ने भी सलमान को सुरक्षा देने का भरोसा दिलाया है. सलमान खान ने इन धमकियों के बावजूद अपने काम से पीछे हटने के संकेत नहीं दिए हैं. वह कड़ी सुरक्षा के बीच शूटिंग और सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेते रहे हैं.
और पढ़ें
- पीक करियर पर बॉलीवुड से दूरी बनाकर क्यों हॉलीवुड भाग गई थी प्रियंका चोपड़ा? किसके कहने पर लिया था इतना बड़ा फैसला?
- 'खुद मजाक बनी हुई है', तान्या मित्तल के साथ चल रही नोकझोंक के बीच कुनिका को आया 'एक्स BF' के बेटे का जवाब
- Bollywood Villain Birthday: बॉलीवुड का सबसे खौफनाक खलनायक, आज भी लोग नहीं रखते अपने बच्चों का नाम