संजय कपूर संपत्ति विवाद: ननद मंधीरा के खिलाफ कोर्ट पहुंची प्रिया सचदेव कपूर, जानें क्यों ठोका 20 करोड़ मानहानि का मुकदमा
प्रिया सचदेव ने संजय कपूर की बहन मंधीरा कपूर स्मिथ पर 20 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर किया है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके बीच हुई बातचीत से उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है.
मुंबई: बिजनेसमैन संजय कपूर की मौत के बाद उनकी फैमिली में संपत्ति को लेकर विवाद काफी गहरा गया है. अब इस विवाद में एक नया ट्विस्ट आया है. संजय की दूसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर ने उनकी बहन मंधीरा कपूर स्मिथ और एक पॉडकास्टर के खिलाफ 20 करोड़ रुपये का सिविल मानहानि मुकदमा दायर किया है. यह मुकदमा दिल्ली हाई कोर्ट में गुरुवार को फाइल किया गया.
गहराया संजय कपूर संपत्ति विवाद
प्रिया ने आरोप लगाया है कि मंधीरा ने पॉडकास्ट, इंटरव्यू, सोशल मीडिया पोस्ट और ऑनलाइन कंटेंट के जरिए उनके खिलाफ ऐसी बातें कही हैं, जिनसे उनकी प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा है. इन बयानों से उन्हें मानसिक पीड़ा, सामाजिक अपमान और शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा. मुकदमे में पॉडकास्ट होस्ट को भी प्रतिवादी बनाया गया है.
प्रिया सचदेव कपूर ने ठोका ननद के खिलाफ मुकदमा
प्रिया ने कोर्ट से मांग की है कि उन्हें 20 करोड़ रुपये का हर्जाना मिले, जो उनकी खराब हुई इज्जत, मानसिक तकलीफ और सामाजिक अपमान के लिए हो. साथ ही उन्होंने मंधीरा और होस्ट से आगे कोई भी कथित मानहानिकारक सामग्री प्रकाशित या शेयर न करने का स्थायी निषेधाज्ञा देने की मांग की है. मौजूदा सभी डिजिटल और सोशल मीडिया कंटेंट को हटाने का भी आदेश मांगा गया है. यह मामला संजय कपूर की 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति के बंटवारे से जुड़ा है.
करिश्मा कपूर और उनके बच्चों के साथ भी चल रहा विवाद
संजय की पहली पत्नी करिश्मा कपूर और उनके बच्चों के साथ भी प्रिया का कानूनी विवाद चल रहा है. संजय की मां रानी कपूर ने भी फैमिली ट्रस्ट को चुनौती दी है. दिल्ली हाई कोर्ट ने हाल ही में सभी पक्षों से कहा था कि वे आपसी समझौते से मामला सुलझाएं. कोर्ट ने मध्यस्थता का सुझाव दिया था, लेकिन अब प्रिया ने यह नया मुकदमा दायर कर दिया. इससे पहले जनवरी 2026 में प्रिया ने मंधिरा के खिलाफ क्रिमिनल डिफेमेशन की शिकायत भी दर्ज कराई थी.
पटियाला हाउस कोर्ट ने मंधीरा और पूजा चौधरी को नोटिस जारी किया था. प्रिया का कहना है कि मंधिरा के बयान झूठे, अपमानजनक और व्यक्तिगत हमले वाले हैं, जो उनकी शादी और चरित्र पर सवाल उठाते हैं. वहीं मंधिरा और फैमिली के अन्य सदस्य संपत्ति के दावे पर अड़े हैं. अगली सुनवाई में क्या होता है, यह देखना दिलचस्प होगा.