T20 World Cup 2026

Mahavatar Narsimha BO Day 8: दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा 'महावतार नरसिम्हा' का क्रेज, रिलीज के 8वें दिन अपने नाम किया ये रिकॉर्ड

फिल्म 'महावतार नरसिम्हा' बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा रही है. रिलीज के आठवें दिन इस फिल्म ने 7.70 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की, जिसके साथ भारत में इसकी कुल नेट कमाई 52.45 करोड़ रुपये हो गई है. फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन अब 62.40 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है.

social media
Antima Pal

Mahavatar Narsimha Box Office collection Day 8: अश्विन कुमार के निर्देशन में बनी एनिमेटेड फिल्म 'महावतार नरसिम्हा' बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचा रही है. रिलीज के आठवें दिन इस फिल्म ने 7.70 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की, जिसके साथ भारत में इसकी कुल नेट कमाई 52.45 करोड़ रुपये हो गई है. फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन अब 62.40 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है. यह फिल्म न केवल दर्शकों का दिल जीत रही है, बल्कि हॉलीवुड की कई एनिमेटेड फिल्मों को भी पीछे छोड़ रही है.

दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा 'महावतार नरसिम्हा' का क्रेज

'महावतार नरसिम्हा' ने अपनी रिलीज के पहले हफ्ते में जबरदस्त परफॉर्मेंस किया है. होम्बले फिल्म्स और क्लीम प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित यह फिल्म भारतीय एनिमेशन सिनेमा में एक नया इतिहास रच रही है. फिल्म की कहानी, जो भगवान विष्णु के नरसिम्हा अवतार और प्रह्लाद महाराज की भक्ति पर आधारित है, ने दर्शकों को इमोशनल तरीके से जोड़ा है. खासकर परिवारों और युवा दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता बढ़ती जा रही है.


फिल्म ने पहले दिन से ही दर्शकों का ध्यान खींचा और पॉजिटिव चर्चा के दम पर इसकी कमाई में लगातार इजाफा हुआ. हिंदी और तेलुगु वर्जन ने सबसे ज्यादा योगदान दिया, जिसमें हिंदी वर्जन ने अकेले 30 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन किया. आठवें दिन इसने अजय देवगन की 'सन ऑफ सरदार 2' और 'धड़क 2' जैसी फिल्मों को भी कमाई के मामले में पछाड़ दिया. 

शानदार कहानी, आकर्षक एनिमेशन ने जीता दिल

'महावतार नरसिम्हा' की सफलता का श्रेय इसकी शानदार कहानी, आकर्षक एनिमेशन और सांस्कृतिक गहराई को जाता है. फिल्म को पांच भाषाओं- हिंदी, कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम में रिलीज किया गया है, जिसने इसे हर एक दर्शक वर्ग तक पहुंचाया. इसकी पॉपुलैरिटी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सिनेमाघरों में इसके शो की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है. 

बनी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एनिमेटेड फिल्म

फिल्म ने न केवल 'हनुमान' (2005) को पीछे छोड़कर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय एनिमेटेड फिल्म का खिताब हासिल किया, बल्कि यह 'महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स' की पहली कड़ी के रूप में भी चर्चा में है. इसके बाद 'महावतार परशुराम' और 'महावतार राम' जैसी फिल्में भी आएंगी.