Kangana Ranaut Video: बॉलीवुड अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश के मंडी BJP सांसद कंगना रनौत एक विदेशी पर्यटक द्वारा कचरा उठाने के वायरल वीडियो को शेयर किया है. शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर इस वीडियो को शेयर करते हुए कंगना ने इसे शर्मनाक बताया है. हिमाचल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक विदेशी पर्यटक हिमाचल के कांगड़ा जिले में एक झरने के पास कचरा उठाते नजर आ रहा है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक विदेशी पर्यटक झरने के आसपास पड़े प्लास्टिक रैपर्स और अन्य कचरे को उठा रहा है, जबकि कुछ भारतीय पर्यटक आसपास दृश्यों का आनंद ले रहे हैं या टहल रहे हैं.
कचरा उठाने के बाद, वह व्यक्ति कैमरे की ओर देखते हुए कहता है कि 'शायद अगर मेरे पास एक खाली दिन हो, तो मैं यहां बैठकर लोगों को कहूंगा, इसे उठाओ. मुझे किसी को बताने में कोई समस्या नहीं है.' इसके बाद वह कचरे को पास के डस्टबिन में डालने जाता है.
कंगना ने इस वीडियो को साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, 'शर्मनाक.' बता दें कि कंगना रनौत मंडी से लोकसभा सांसद हैं उन्होंने इस घटना को हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता को नुकसान पहुंचाने वाले व्यवहार के रूप में देखा. इससे पहले भी कंगना ने 2020 में हिमाचल में कचरा न फैलाने की अपील की थी, विशेष रूप से एकल- उपयोग प्लास्टिक जैसे बोतलें और चिप्स के पैकेट के बारे में चेतावनी दी थी. उन्होंने कहा था कि 'ऐसी लापरवाही से हिमाचल की खूबसूरत वादियां एक दिन में कूड़ेदान में बदल सकती हैं.'
इस वीडियो को एक्स पर यूजर निखिल सैनी ने साझा किया था, जिसके साथ उन्होंने लिखा, 'शर्मनाक, एक विदेशी पर्यटक प्रकृति की सुंदरता के प्रति अधिक चिंतित है, जबकि स्थानीय पर्यटक बेशर्मी से इन खूबसूरत स्थानों पर कचरा फैला रहे हैं. सरकार या प्रशासन को दोष नहीं देना चाहिए - अगर हमें स्वच्छ देश चाहिए तो लोगों को बदलना होगा.' इस पोस्ट को 45 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है.
Shameful a foreign tourist is more concerned about nature’s beauty while local tourists keep shamelessly littering such stunning places. No govt or administration is to be blamed — it’s the people who need to change if we ever want a clean country. Video from Kangra, Himachal. pic.twitter.com/AbZfcG28G8
— Nikhil saini (@iNikhilsaini) July 24, 2025
एक यूजर ने टिप्पणी की, 'मैंने कई बार कहा है, हमें मानसिकता में पीढ़ीगत बदलाव की जरूरत है. अपने बच्चों को सिखाएं कि यह गलत है. मैंने लोगों को अपने बच्चों को कार से कचरा बाहर फेंकने के लिए कहते देखा है. हममें नागरिक बोध शून्य है.' एक अन्य यूजर ने लिखा, .विदेशी पर्यटक अक्सर हमारे लोगों की तुलना में स्वच्छता के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं.' एक ट्वीट में कहा गया, 'भारतीय पर्यटकों को अक्सर शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है, और यह सिर्फ नक्सलवाद के कारण नहीं, बल्कि हमारे खराब व्यवहार और 'चलता है' रवैये के कारण है.'
बता दें कि कंगना को हाल ही में उनकी फिल्म 'इमरजेंसी' में देखा गया था, जिसमें उन्होंने पूर्व PM इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई थी. यह फिल्म 17 जनवरी 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसके अलावा, कंगना हॉलीवुड में अपनी पहली फिल्म 'ब्लेस्ड बी द एविल' में मुख्य भूमिका निभाने जा रही हैं, जिसमें उनके साथ टायलर पोसी और स्कारलेट रोज स्टेलोन भी होंगे. इस हॉरर ड्रामा फिल्म का निर्देशन अनुराग रुद्रा करेंगे, और इसकी शूटिंग इस गर्मी में न्यूयॉर्क में शुरू होगी.