मुंबई: कॉमेडी के किंग कपिल शर्मा का पॉपुलर नेटफ्लिक्स शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' एक बार फिर कानूनी झंझट में फंस गया है. शो का चौथा सीजन हाल ही में स्ट्रीमिंग पर आया और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं, लेकिन अब तीसरे सीजन की वजह से बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. फोनोग्राफिक परफॉर्मेंस लिमिटेड इंडिया ने कपिल शर्मा, शो के प्रोड्यूसर्स और नेटफ्लिक्स के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर की है.
आरोप है कि शो में तीन मशहूर बॉलीवुड गानों का इस्तेमाल बिना लाइसेंस के किया गया. रिपोर्ट के अनुसार PPL इंडिया ने 12 दिसंबर 2025 को यह कमर्शियल याचिका दायर की. शो के तीसरे सीजन में, जो जून से सितंबर 2025 के बीच चला, कुछ एपिसोड्स में ये गाने बजाए गए. इनमें 'एम बोले तो' (फिल्म मुन्नाभाई MBBS से), 'रामा रे' (फिल्म कांटे से) और 'सुबह होने ना दे' (फिल्म देसी बॉयज से) शामिल हैं. एक एपिसोड में सिद्धार्थ मल्होत्रा और जान्हवी कपूर गेस्ट थे, तो दूसरे में संजय दत्त और सुनील शेट्टी, जबकि तीसरे में अक्षय कुमार आए थे. इनमें गाने परफॉर्मेंस या बैकग्राउंड में इस्तेमाल हुए.
PPL इंडिया का कहना है कि कॉपीराइट एक्ट के तहत किसी भी साउंड रिकॉर्डिंग को पब्लिकली परफॉर्म करने या कम्युनिकेट करने के लिए लाइसेंस जरूरी होता है. शो पहले लाइव ऑडियंस के सामने रिकॉर्ड होता है, जहां गाने साफ सुनाई देते हैं, फिर एडिट करके नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाता है. मेकर्स ने कोई परमिशन नहीं ली, जो गलत है. याचिका दायर करने से पहले नवंबर में PPL ने नेटफ्लिक्स और प्रोड्यूसर्स को सीज एंड डिसिस्ट नोटिस भी भेजा था, लेकिन जवाब टालमटोल वाला मिला और गाने अभी भी एपिसोड्स में मौजूद हैं.
PPL ने कोर्ट से मांग की है कि शो को उनके कॉपीराइटेड गानों का आगे इस्तेमाल रोक दिया जाए. साथ ही अनधिकृत इस्तेमाल से हुई कमाई का हिसाब मांगा गया है और कोर्ट रिसीवर नियुक्त करने की भी अपील की है, जो इंफ्रिंजिंग मटेरियल जब्त कर सके. मामला बॉम्बे हाईकोर्ट की कमर्शियल डिवीजन में जल्द सुनवाई के लिए आएगा. फिलहाल कपिल शर्मा, नेटफ्लिक्स या प्रोडक्शन टीम की तरफ से इस मुकदमे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.