मुंबई: हॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. मशहूर अमेरिकी एक्टर जेम्स वैन डेर बीक का 48 साल की उम्र में निधन हो गया. वह पिछले कुछ सालों से कैंसर से जूझ रहे थे. बुधवार को उन्होंने अंतिम सांस ली और गुरुवार सुबह उनके परिवार ने यह खबर साझा की. जेम्स वैन डेर बीक को दुनिया भर में खास पहचान टीवी शो डॉसन क्रीक से मिली थी. इस शो में उन्होंने डॉसन लीरी का किरदार निभाया था, जो 1990 के दशक के अंत में युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ.
उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर जारी बयान में लिखा गया कि हमारे प्यारे जेम्स डेविड वैन डेर बीक आज सुबह शांति से गुज़र गए. उन्होंने अपने आखिरी दिनों में हिम्मत, विश्वास और कृपा के साथ समय बिताया. परिवार ने आगे कहा कि उनकी इच्छाओं और इंसानियत के प्रति उनके प्यार के बारे में बहुत कुछ कहने को है, लेकिन इस समय वे निजी शोक में हैं और प्राइवेसी चाहते हैं.
जेम्स ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत कम उम्र में की थी, लेकिन असली सफलता उन्हें डॉसन क्रीक से मिली. इस शो ने उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय पहचान दी. उनका किरदार भावुक, संवेदनशील और सपनों से भरे युवा का था, जिससे दर्शक खुद को जोड़ पाते थे. टीवी के अलावा उन्होंने कई फिल्मों और अन्य प्रोजेक्ट्स में भी काम किया. वह अपने सरल स्वभाव और पेशेवर रवैये के लिए जाने जाते थे.
Also Read
- सलमान खान के करीबी सेलेब्स पर क्यों बढ़ रहे हमले? कैसे लॉरेंस बिश्नोई के रडार में आए 'भाईजान'?
- पीक करियर पर बॉलीवुड से दूरी बनाकर क्यों हॉलीवुड भाग गई थी प्रियंका चोपड़ा? किसके कहने पर लिया था इतना बड़ा फैसला?
- 'खुद मजाक बनी हुई है', तान्या मित्तल के साथ चल रही नोकझोंक के बीच कुनिका को आया 'एक्स BF' के बेटे का जवाब
जैसे ही उनके निधन की खबर सामने आई, सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई. फैंस ने उन्हें याद करते हुए लिखा कि उनका काम और मुस्कान हमेशा दिलों में जिंदा रहेगा. इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी. उनके सह कलाकारों ने कहा कि जेम्स न सिर्फ एक बेहतरीन एक्टर थे, बल्कि एक संवेदनशील इंसान भी थे.
कैंसर से उनकी जंग ने कई लोगों को प्रेरित किया. उन्होंने बीमारी के दौरान भी सकारात्मकता बनाए रखी और परिवार के साथ समय बिताया. 48 साल की उम्र में उनका यूं चले जाना हॉलीवुड और फैंस के लिए बड़ा झटका है. हालांकि उनका सफर यहीं थम गया, लेकिन उनके निभाए किरदार और उनकी यादें हमेशा जीवित रहेंगी.