मुंबई: मनोरंजन जगत में एक दुखद खबर ने सबको सदमे में डाल दिया है. हरियाणवी गानों में अपनी खूबसूरत अदाकारी और एनर्जी के लिए मशहूर दिव्यांका सिरोही का अचानक निधन हो गया. वे महज 30 वर्ष की थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक 21 अप्रैल की देर रात उत्तर प्रदेश स्थित अपने घर पर उन्हें दिल का दौरा पड़ा. परिवार ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दिव्यांका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थीं. फिलहाल वे गाजियाबाद में अपने माता-पिता और दादी के साथ रह रही थीं. उनके निधन के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है. वे अपने भाई हिमांशु और बहनों दीपांशु व जसमीत के साथ रहती थीं. परिवार की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन उनके असामयिक निधन से पूरे मनोरंजन जगत में शोक व्याप्त है.
कई कलाकारों ने सोशल मीडिया पर दिव्यांका को श्रद्धांजलि दी है और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है. दिव्यांका की पढ़ाई काफी अच्छी रही. उन्होंने चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से बीसीए की डिग्री हासिल की और बाद में सिक्किम से एमबीए पूरा किया. लेकिन उनका दिल हमेशा क्रिएटिव फील्ड में था. उनकी जर्नी सोशल मीडिया से शुरू हुई.
टिकटॉक पर उनके एक वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें काफी पहचान मिली. धीरे-धीरे वे हरियाणवी गानों की लोकप्रिय फेस बन गईं. उन्होंने मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के साथ कई गानों में काम किया. इनमें 'बदमाशन का ब्याह', 'बाटे हरियाणा ते' और अन्य पॉपुलर ट्रैक्स शामिल हैं.
दिव्यांका की स्क्रीन पर आने वाली एनर्जी और डांस स्टाइल दर्शकों को बहुत पसंद आती थी. वे न सिर्फ गानों में नजर आती थीं बल्कि सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहती थीं. उनके इंस्टाग्राम पर 1.3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स थे, जहां वे अपने फैंस के साथ रेगुलर कनेक्ट रहती थीं. उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट 19 मार्च को आई थी. उस वीडियो में वे नीले और सफेद फ्लोरल आउटफिट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं और बी प्राक व अफसाना खान के गाने 'बरसाना मिला है' पर ग्रूव कर रही थीं. यह पोस्ट उनके फैंस को काफी पसंद आई थी.