'घर जाओ, शर्म नहीं आती...', धर्मेंद्र के घर के बाहर पैपराजी पर भड़के सनी देओल; वीडियो वायरल

हाल ही में दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर हर कोई चिंता में था. हांलाकि बीते दिन एक्टर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो गए हैं. लेकिन इसी बीच पैपराजी की हरकतों ने परिवार को परेशान कर दिया. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

x
Antima Pal

बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र की सेहत को लेकर पिछले कई दिनों से फैंस परेशान थे. 89 साल के दिग्गज अभिनेता को मुंबई के ब्रेच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद वेंटिलेटर पर भी शिफ्ट किया गया. लेकिन अच्छी खबर ये आई कि बुधवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई. अब वे घर पर आराम कर रहे हैं.

फैमिली ने स्टेटमेंट जारी कर कहा कि धर्मेंद्र की रिकवरी घर पर जारी रहेगी. उन्होंने मीडिया और फैंस से प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की. इस मुश्किल वक्त में देओल परिवार ने काफी तनाव झेला. सनी देओल, बॉबी देओल, हेमा मालिनी और ईशा देओल अस्पताल और घर के चक्कर लगाते रहे. बॉलीवुड के बड़े सितारे भी पहुंचे – शाहरुख खान, सलमान खान, गोविंदा, अमीषा पटेल ने हॉस्पिटल विजिट की. लेकिन इसी बीच पैपराजी की हरकतों ने परिवार को और परेशान कर दिया.

धर्मेंद्र के घर के बाहर पैपराजी पर भड़के सनी देओल

हॉस्पिटल के बाहर से लेकर घर तक कैमरे घूमते रहे. यहां तक कि फूड डिलीवरी के पैकेट्स की भी वीडियो बनाई गई. फेक न्यूज भी फैली, जैसे उनकी मौत की अफवाहें, जिस पर ईशा और हेमा ने सोशल मीडिया पर गुस्सा जताया. गुरुवार सुबह ये नजारा सामने आया जब सनी देओल घर से बाहर निकले.

जुहू स्थित देओल बंगले के बाहर पैपराजी जमा थे. सनी का गुस्सा फूट पड़ा. हाथ जोड़कर उन्होंने कहा 'आप लोगों को घर जाना चाहिए. आपके घर में मां-बाप हैं, बच्चे हैं. वो देखो च****े की तरह वीडियो खींच रहा है. शर्म नहीं आती?' वीडियो वायरल हो गया. सनी की आंखों में गुस्सा और थकान साफ झलक रही थी. वे परिवार की प्राइवेसी के हक में बोल रहे थे. फैंस ने उनका साथ दिया.

बता दें कि धर्मेंद्र अस्पताल में 10 नवंबर को एडमिट हुए थे. रूटीन चेकअप से शुरू हुई बात गंभीर हो गई. डॉक्टरों की टीम अब घर पर चेकअप कर रही है. सनी और बॉबी पिता की देखभाल में जुटे हैं. हेमा मालिनी ने बताया कि बच्चे रात-रात भर सो नहीं पाए. अब घर लौटने से राहत मिली है. देओल परिवार ने एक बार फिर अपील की- 'स्पेकुलेशन बंद करें, प्राइवेसी दें. हम सबके प्यार के लिए शुक्रगुजार हैं.'