प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के बाद शिव भक्ति में लीन हुए अरिजीत सिंह, बिना शोर किए रिलीज किया भजन हुआ हिट, मिले लाखों व्यूज

प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने के ऐलान के बाद अरिजीत सिंह ने एक नया भजन रिलीज कर फैंस को चौंका दिया. शिवरात्रि से पहले आए इस गाने को बिना प्रमोशन के ही एक लाख 76 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड के पॉपुलर सिंगर अरिजीत सिंह ने जब प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की घोषणा की तो उनके चाहने वाले हैरान रह गए थे. कई लोगों को लगा कि अब उनकी आवाज बड़े पर्दे पर सुनाई नहीं देगी. लेकिन अब उन्होंने एक स्वतंत्र कलाकार के रूप में नया गीत जारी कर सबको चौंका दिया है. यह कोई फिल्मी गाना नहीं बल्कि एक भक्ति गीत है. इस बार उन्होंने शिव भक्ति को अपना माध्यम बनाया है. खास बात यह रही कि उन्होंने इस गाने का कोई प्रचार नहीं किया. फिर भी श्रोताओं ने इसे हाथों हाथ लिया.

हे शिव मेरे शीर्षक से यह भजन 9 फरवरी को यूट्यूब पर जारी किया गया. शिवरात्रि से ठीक पहले आए इस गीत को लोगों ने खूब पसंद किया. रिलीज के बाद से अब तक इसे एक लाख 76 हजार से अधिक बार देखा जा चुका है. गीतकार कुमार के लिखे इस भजन में अरिजीत की आवाज में अलग ही सादगी और शांति महसूस होती है. यह गाना उनकी आध्यात्मिक सोच को सामने लाता है.

बिना प्रमोशन भी मिला भरपूर प्यार

लाखों फॉलोअर्स होने के बावजूद अरिजीत ने सोशल मीडिया पर इस गाने का प्रचार नहीं किया. इसके बावजूद जैसे ही यह ट्रैक सामने आया, फैंस ने इसे तेजी से शेयर करना शुरू कर दिया. सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा कि इस गाने में उनकी आवाज पहले से भी ज्यादा गहराई लिए हुए है. कुछ लोगों ने हैरानी जताई कि क्या सच में अरिजीत अब भजन गा रहे हैं. वहीं कई श्रोताओं ने कहा कि वह हर बार कुछ नया लेकर आते हैं और इस बार आध्यात्मिक रंग में नजर आए हैं.

गाने के पीछे की टीम

इस भजन का संगीत मंदीप पंघाल ने तैयार किया है. गिटार पर शोमू सील और स्वास्तिक शुभम की धुन सुनाई देती है. कोरस में पीयूष रंजन, साक्षी होलकर, सोनम पाठक और मंदीप पंघाल की आवाजें भी शामिल हैं. इन सभी ने मिलकर गीत को और प्रभावी बनाया है. साधारण शब्दों और शांत संगीत के साथ यह भजन सुनने वालों को एक अलग अनुभव देता है.

क्यों लिया था प्लेबैक से संन्यास

27 जनवरी को अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया था कि वह अब प्लेबैक सिंगर के रूप में कोई नया काम स्वीकार नहीं करेंगे. उन्होंने अपने लंबे सफर के लिए श्रोताओं का आभार जताया और इसे यादगार बताया. हालांकि उन्होंने अपने फैसले की वजह स्पष्ट नहीं की. कुछ लोगों ने इसे फिल्म इंडस्ट्री की परिस्थितियों से जोड़ा, लेकिन इस पर आधिकारिक बयान नहीं आया.

अब ओह शिव मेरे के साथ अरिजीत ने साफ कर दिया है कि संगीत से उनका रिश्ता खत्म नहीं हुआ है. वह बस एक अलग राह पर आगे बढ़ रहे हैं. और फैंस इस नई शुरुआत का खुले दिल से स्वागत कर रहे हैं.