Anurag Kashyap on Smoking: 'मूड खराब हो जाता है..' 'सिनर्स' की स्क्रीनिंग के दौरान सिनेमाघरों में स्मोकिंग के डिस्केलमर पर भड़के अनुराग कश्यप
Anurag Kashyap: अनुराग कश्यप ने सिनेमाघरों में अनिवार्य रूप से दिखाए जाने वाले धूम्रपान और शराब से संबंधित स्वास्थ्य डिस्कलेमर की कड़ी निंदा की है. उनका मानना है कि ये डिस्कलेमर दर्शकों के सिनेमाई अनुभव को खराब करते हैं और फिल्म मेकर की मेहनत को कमजोर करते हैं.
Anurag Kashyap: भारतीय सिनेमा के जाने-माने फिल्म मेकर अनुराग कश्यप ने सिनेमाघरों में अनिवार्य रूप से दिखाए जाने वाले धूम्रपान और शराब से संबंधित स्वास्थ्य डिस्कलेमर की कड़ी निंदा की है. उनका मानना है कि ये डिस्कलेमर दर्शकों के सिनेमाई अनुभव को खराब करते हैं और फिल्म मेकर की मेहनत को कमजोर करते हैं. हाल ही में इंडीवायर को दिए एक इंटरव्यू में, कश्यप ने इस मुद्दे पर अपनी बेबाक राय साझा की और इसे आर्टिस्ट के काम के लिए खतरा बताया.
अनुराग कश्यप ने सिनेमाघरों में बड़े फॉन्ट में दिखाए जाने वाले स्वास्थ्य डिस्कलेमर को लेकर अपनी निराशा व्यक्त की. उन्होंने कहा, 'सिनर्स जैसे मूड पीस में, धूम्रपान और शराब पीने जैसे डिस्कलेमर दर्शकों को उस इमर्सिव अनुभव से दूर कर देते हैं जिसे फिल्म मेकर ने बड़ी मेहनत से बनाया था, जिससे मूड और बिल्ड-अप खराब हो जाता है.'
सिनेमाघरों में धूम्रपान डिस्कलेमर पर अनुराग कश्यप
उनका कहना है कि ये डिस्कलेमर न केवल दर्शकों का ध्यान भटकाते हैं, बल्कि फिल्म के सौंदर्यशास्त्र और कहानी को भी नुकसान पहुंचाते हैं. कश्यप ने जोर देकर कहा कि एक फिल्म मेकर अपनी रचना में दृश्य, संगीत और बारीकियों के माध्यम से दर्शकों को एक अनूठी दुनिया में ले जाना चाहता है, लेकिन ये डिस्कलेमर उस अनुभव को शुरू होने से पहले ही बाधित कर देते हैं.
अनुराग कश्यप ने इस मुद्दे पर अपनी पुरानी लड़ाई का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने 2013 में अपनी फिल्म अग्ली के लिए सेंसर बोर्ड के खिलाफ कानूनी कदम उठाया था. उन्होंने तर्क दिया कि ऐसे डिस्कलेमर कलात्मक स्वतंत्रता के लिए एक गंभीर खतरा हैं. उनका कहना है कि नीति निर्माताओं को सिनेमा के सौंदर्यशास्त्र की कोई परवाह नहीं है, जिसके कारण इस तरह के नियम लागू रहते हैं.
सिनर्स: एक एक्शन-हॉरर फिल्म
सिनर्स एक एक्शन-हॉरर फिल्म है, जिसका डायरेक्शन रयान कूगलर ने किया है और इसमें माइकल बी. जॉर्ड अहम किरदार में हैं. यह फिल्म 18 अप्रैल, 2025 को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई और इसे दर्शकों व आलोचकों से जबरदस्त रिएक्शन मिल रहे हैं. फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर $175 मिलियन की कमाई की है, जिसके साथ यह 2025 की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है.
फिल्म की कहानी जुड़वां भाइयों स्मोक और स्टैक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने मिसिसिपी गृहनगर में नई शुरुआत की तलाश में लौटते हैं. लेकिन उन्हें एक प्राचीन बुराई का सामना करना पड़ता है, जो पिशाचों के रूप में सामने आती है. फिल्म में जैक ओ'कॉनेल, डेलरॉय लिंडो, हैली स्टीनफील्ड, माइल्स कैटन और सॉल विलियम्स जैसे कलाकार भी अहम किरदारों में हैं