Maha Kumbh 2025: बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर हाल ही में महाकुंभ पहुंचे. यहां एक्टर ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई. इस दौरान अनुपम खेर के आंसू छलक पड़े. सोशल मीडिया पर अनुपम खेर ने संगम स्नान का एक वीडियो शेयर किया है.
अनुपम खेर ने त्रिवेणी संगम में लगाई डुबकी
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर हाल ही में महाकुंभ 2025 में शामिल होने प्रयागराज गए थे. गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए अभिनेता ने आभार व्यक्त किया और अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात की.
एक्स पर शेयर की गई क्लिप में अनुपम को पानी में डुबकी लगाते हुए देखा जा सकता है. वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, "महाकुंभ के दौरान गंगा में डुबकी लगाने के बाद मेरा जीवन सफल हो गया. मैंने पहली बार उस स्थान पर पहुंचकर मंत्रों का जाप किया जहां मां गंगा, यमुना और सरस्वती मिलती हैं. "
एक्टर ने बताई इमोशनल होने की वजह
अनुपम खेर ने अपने इंस्टा अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा- 'महाकुंभ में गंगा स्नान करके जीवन सफल हुआ!! पहली बार उस स्थान पर पहुंच के मंत्र उच्चारण किए जहां मां गंगा, जमुना जी और सरस्वती जी का संगम होता है! प्रार्थना करते करते अश्रु स्वयं ही आंखो से बहने लगे. संयोग देखिए! ऐसा ही ठीक एक साल पहले आज ही के दिन अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठान के दिन हुआ था! सनातन धर्म की जय.'
बता दें कि 13 जनवरी से शुरू हुए 45 दिवसीय भव्य आयोजन में 400 मिलियन से ज़्यादा लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. हर 12 साल में आयोजित होने वाला यह धार्मिक समागम दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन माना जाता है. इस उत्सव में बड़ी संख्या में तीर्थयात्री, आगंतुक और साधु भाग ले रहे हैं.
काम की बात करें तो अनुपम खेर हाल ही में कंगना रनौत के साथ फिल्म इमरजेंसी में नज़र आए है. इस फिल्म में कंगना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका में हैं, जबकि अनुपम खेर उस दौर के प्रमुख राजनीतिक नेता जयप्रकाश नारायण की भूमिका में हैं.