menu-icon
India Daily

अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की 'डकैत: एक प्रेम कथा' की रिलीज डेट आउट, जानें कब आएगी फिल्म?

'सन ऑफ सरदार 2' में कॉमेडी करने के बाद एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर अब एक्शन करते हुए नजर आने वाली हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म 'डकैत: एक प्रेम कथा' की रिलीज डेट से पर्दा उठ गया है. चलिए जानते हैं कि यह फिल्म सिनेमाघरों में कब दस्तक देने वाली है.

antima
Edited By: Antima Pal
अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की 'डकैत: एक प्रेम कथा' की रिलीज डेट आउट, जानें कब आएगी फिल्म?
Courtesy: instagram

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अदिवी शेष और बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा मृणाल ठाकुर की जोड़ी जल्द ही बड़े पर्दे पर तहलका मचाने वाली है. उनकी अपकमिंग फिल्म 'डकैत: एक प्रेम कथा' की रिलीज डेट आखिरकार आ गई है. मेकर्स ने एक धमाकेदार नया पोस्टर रिलीज करते हुए ऐलान किया कि यह फिल्म 19 मार्च 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी.

पहले यह फिल्म दिसंबर 2025 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन शूटिंग के दौरान अदिवी शेष को चोट लग गई. इसके चलते फिल्म की रिलीज टाल दी गई. अब यह फिल्म 2026 के फेस्टिवल सीजन में दर्शकों के सामने आएगी. यह एक हाई-ऑक्टेन थ्रिलर है, जिसमें एक्शन, ड्रामा और रोमांस का जबरदस्त मिश्रण होगा. 

बॉक्स ऑफिस पर टक्कर 

सबसे रोचक बात यह है कि 'डकैत' संजय लीला भंसाली की भव्य फिल्म ‘लव एंड वॉर’ से सिर्फ एक दिन पहले रिलीज हो रही है. भंसाली की फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल लीड रोल में हैं और यह 20 मार्च 2026 को आएगी. दोनों फिल्में अलग-अलग जॉनर की हैं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर तय है.

नए पोस्टर में अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की इंटेंस केमिस्ट्री साफ दिख रही है. दोनों बंदूकें थामे हुए हैं और बैकग्राउंड में आग की लपटें फिल्म की गर्मी को बयां कर रही हैं. फिल्म की कहानी 'डकैत: एक प्रेम कथा' एक अनोखी लव स्टोरी है, जो डकैतों की दुनिया में सेट है. इसमें एक्शन सीक्वेंस, इमोशनल ड्रामा और रोमांटिक मोमेंट्स का भरपूर डोज होगा.

अदिवी शेष हमेशा से अपनी स्क्रिप्ट सेलेक्शन के लिए जाने जाते हैं. उनकी पिछली फिल्में 'गुडाचारी', 'मेजर' और 'हिट' सुपरहिट रही हैं. दूसरी ओर मृणाल ठाकुर 'सितारामम', 'लव सोनिया' और 'जर्सी' जैसी फिल्मों से दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं. फिल्म का टीजर और फर्स्ट लुक पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसे फैंस ने खूब पसंद किया.