कौन हैं सागर अडानी, अमेरिकी रिश्वत घोटाले में आया जिनका नाम, कंपनियों के शेयर हो गए धड़ाम
अडानी पर भारतीय उपमहाद्वीप में सौर परियोजनाओं के ठेके और फंड हासिल करने के लिए बड़े पैमाने पर रिश्वत देने और अमेरिकी निवेशकों से यह बात छिपाने का आरोप है. इस घोटाले में सागर अडानी का नाम भी सामने आ रहा है.
'आसमान से गिरा खजूर में अटका ', आपने ये कहावत तो सुनी ही होगी. भारत के सबसे अमीर शख्स में से एक गौतम अडानी के साथ इन दिनों कुछ ऐसा ही हो रहा है. वह एक परेशानी से निकलते हैं और दूसरी परेशानी में फंस जाते हैं. अभी हिंडनबर्ग के भूत से पीछा छूटा ही था कि अब अमेरिकी रिश्वत घोटाले में उनका नाम आ गया. अडाणी पर भारतीय उपमहाद्वीप में सौर परियोजनाओं के ठेके और फंड हासिल करने के लिए बड़े पैमाने पर रिश्वत देने और अमेरिकी निवेशकों से यह बात छिपाने का आरोप है. इस घोटाले में सागर अडाणी का नाम भी सामने आ रहा है. आखिर सागर अडानी कौन है आइए जानते हैं...
सागर अडाणी गौतम अडानी के भतीजे हैं और अडाणी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) के कार्यकारी निदेशक (Executive Director) के रूप में कार्यरत हैं. अमेरिकी अधिकारियों द्वारा चलाए जा रहे एक बड़े रिश्वत घोटाले की जांच के दौरान उनका नाम सामने आया है जिसमें करीब 265 मिलियन डॉलर की रिश्वत के लेन-देन का आरोप है.
अमेरिकी जांच में सागर अडाणी का नाम क्यों
मार्च 2023 में, अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) के अधिकारियों ने सागर अडाणी के खिलाफ एक सर्च वारंट और ग्रैंड जूरी समन जारी किया था. यह समन अमेरिकी कानून के तहत विदेशी भ्रष्टाचार प्रथाओं के उल्लंघन, प्रतिभूति धोखाधड़ी, और वायर धोखाधड़ी के आरोपों की जांच के संदर्भ में था.
सागर अडाणी पर आरोप है कि उन्होंने भारतीय सरकारी अधिकारियों को बड़े व्यापारिक फायदे दिलाने के लिए रिश्वत और कमीशन का भुगतान किया. इस मामले की जांच में यह सामने आया कि अडाणी समूह के कुछ प्रमुख व्यक्ति, जिनमें सागर अडाणी और गौतम अडाणी भी शामिल हैं, निवेशकों और वित्तीय संस्थाओं को झूठी और भ्रामक जानकारी प्रदान कर रहे थे, ताकि वे इस भ्रष्टाचार से जुड़ी लेन-देन को छुपा सकें.
सागर अडाणी की शिक्षा और करियर
सागर अडाणी ने 2015 में अडाणी समूह में कार्य करना शुरू किया था. उन्होंने अपनी शिक्षा ब्राउन विश्वविद्यालय, यूएसए से अर्थशास्त्र में पूरी की. शुरुआत में उन्होंने परियोजनाओं के क्षेत्र में काम किया और अडाणी ग्रीन एनर्जी के सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वर्तमान में वह अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (AGEL) में संगठनात्मक विकास, रणनीतिक संचालन और वित्तीय प्रबंधन का जिम्मा संभालते हैं.