Valentine Day 2026

Raksha Bandhan 2025: राखी बांधने के बाद कितने दिन तक रखें कलाई में? जानिए क्या कहता है धर्म और विज्ञान

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक राखी को आप 3, 7 या 11 दिन तक कलाई में रख सकते हैं. अधिकतम इसे भाद्रपद अमावस्या यानी 15 दिन तक बांधे रखना शुभ माना गया है.

Pinterest
Reepu Kumari

Raksha Bandhan 2025: रक्षाबंधन सिर्फ एक त्योहार नहीं बल्कि भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का उत्सव है. इस दिन बहन भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र और सुरक्षा की कामना करती है. साल 2025 में रक्षाबंधन शनिवार 9 अगस्त को मनाया जाएगा. अक्सर राखी बांधने के बाद सवाल उठता है कि इसे कितने दिनों तक कलाई में रखें और उतारने के बाद इसका क्या करें.

कुछ लोग इसे जल्द उतार देते हैं तो कुछ हफ्तों तक संभाल कर रखते हैं. जानिए धर्म और विज्ञान दोनों की नजर से इसका सही तरीका.

राखी सिर्फ धागा नहीं, भावनाओं का बंधन है

राखी को केवल धागा समझना गलत है. ये भाई-बहन के प्रेम, आस्था और सुरक्षा के वादे का प्रतीक होती है. रक्षाबंधन पर लोग उत्साह से राखी बंधवाते हैं, लेकिन इसे उतारते वक्त लापरवाही कर बैठते हैं. कुछ लोग इसे उतारकर फेंक देते हैं, जो कि गलत है.

कितने दिन तक कलाई में रखें राखी?

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक राखी को आप 3, 7 या 11 दिन तक कलाई में रख सकते हैं. अधिकतम इसे भाद्रपद अमावस्या यानी 15 दिन तक बांधे रखना शुभ माना गया है. कई लोग जन्माष्टमी या गणेश चतुर्थी के दिन राखी उतारते हैं. लेकिन ध्यान रहे, पितृपक्ष शुरू होने से पहले राखी जरूर हटा लें.

विज्ञान क्या कहता है राखी को लेकर?

वैज्ञानिक नजरिए से राखी सूती या रेशमी धागे से बनी होती है, जो पानी और धूल के संपर्क में आकर गंदी हो सकती है. इससे त्वचा पर संक्रमण या बैक्टीरिया पनप सकते हैं. ऐसे में जब तक राखी साफ और सही हालत में है, तब तक रखें. गंदी होने पर इसे उतार देना ही सही है.

राखी उतारने के बाद क्या करें?

राखी को इधर-उधर नहीं फेंकना चाहिए. इसे किसी पेड़ की शाखा में बांध दें, गमले की मिट्टी में दबा दें या जल प्रवाहित कर दें. ये एक पवित्र वस्तु है, इसलिए इसका आदर करना जरूरी है.