पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बढ़त मिलने पर कैलाश विजयवर्गीय के आंसू छलक गए. इसके साथ ही 2021 बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी के मुख्य रणनीतिकार रहे कैलाश विजयवर्गीय इस बार चुनाव प्रचार में नहीं पहुंचे, इसके पीछे का बड़ा राज भी उन्होंने खुद ही खोल दिया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कैलाश विजयवर्गीय ने खुद इस राज से पर्दा उठाते हुए कहा कि टीएमसी सरकार ने उनके ऊपर इस कदर फर्जी मुकदमे लाद दिए थे कि गिरफ्तारी के डर से वह बंगाल में चुनाव प्रचार करने नहीं गए. झमेले से बचने के लिए बीजेपी हाईकमान ने भी उनका बंगाल चुनाव प्रचार का कोई कार्यक्रम नहीं दिया.
बंगाल से आ रहे बीजेपी की बंपर जीत के रुझानों के बीच मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बंगाल नतीजों को देख अपने आंसू नहीं रोक पाए. उन्होंने कहा कि मुझे कितनी खुशी बता नहीं सकता. इस बीच कैलाश विजयवर्गीय ने यह भी बताया कि बंगाल सरकार ने उनके खिलाफ एक या दो नहीं, 38 फर्जी मुकदमे दर्ज कराए थे। इनमें रेप और चाइल्ड ट्रैफिकिंग जैसे संगीन आरोप हैं. गिरफ्तारी के वारंट जारी किए गए थे, इसलिए गिरफ्तारी से बचने के लिए वे बंगाल चुनाव प्रचार में नहीं गए. उन्होंने इंदौर भाजपा कार्यालय पर चल रहे जीत के जश्न का वीडियो पर एक्स पर शेयर करते हुए लिखा है कि बंगाल के रूझानों ने पूरे देश को ऊर्जा से भर दिया है.
झालमुड़ी संग जीत का उत्सव !!!
— Kailash Vijayvargiya (@KailashOnline) May 4, 2026
पश्चिम बंगाल के रुझानों ने देशवासियों को ऊर्जा से भर दिया है। इसी उल्लासपूर्ण क्षण में आज इंदौर में भारतीय जनता पार्टी परिवार के साथ मिलकर खुशियां साझा कीं। झालमुड़ी के स्वाद ने उमंग, उत्सव और उल्लास को दोगुना कर दिया।
जय भाजपा, विजय भाजपा 🪷… pic.twitter.com/U3suRRmbJr
इतने सब झमेलों को देखते हुए बीजेपी आलाकमान ने भी अपने खास रणनीतिकारों में शुमार कैलाश विजयवर्गीय को किसी मुसीबत में डालने के बजाय चुनाव प्रचार से अलग रखना ही बेहतर समझा. कैलाश विजयवर्गीय का कहना है कि बंगाल में बीजेपी की जीत देश के लिए बड़े मायने तो रखती ही है, उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी इस जीत के बड़े मायने हैं. उन्होंने खुद टीएमसी सरकार के अत्याचार को महसूस किया है.
बंगाल में बीजेपी की जीत निश्चित हो जाने के बाद मध्य प्रदेश के इंदौर भाजपा कार्यालय में कैलाश विजयवर्गीय कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाते नजर आए. कार्यालय पर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा और उनके बीच में कैलाश विजयवर्गीय लड्डूओं के अलावा झाल मूड़ी भी बांटते दिखे. उन्होंने ढोल की थाप के साथ बंगाल में मिली जीत पर खुशी का इजहार किया.
ऐतिहासिक जीत का उत्सव!
— Kailash Vijayvargiya (@KailashOnline) May 4, 2026
पश्चिम बंगाल की महाविजय का जश्न इंदौर भाजपा कार्यालय में पूरे जोश और उत्साह के साथ!#ElectionResult2026 #BJPVictory #Indore pic.twitter.com/9TKG9mkEKc