कतर पहुंचते ही फ्लाइट के अंदर से 'सलामी' देने लगे पाकिस्तानी PM, सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए शहबाज शरीफ

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ एक बार सोशल मीडिया पर फिर से ट्रोल हो रहे हैं. उनका एक वीडियो नजर आ रहा है, जिसमें उन्हें फ्लाइट के अंदर से सलाम करते देखा जा सकता है.

X (@ShehbazDigital)
Shanu Sharma

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ इन दिनों अपने कतर दौरे को लेकर चर्चा में हैं. इस चर्चे का कारण उनकी कूटनीतिक उपलब्धि नहीं बल्कि एक छोटी सी घटना है. जिसके वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं.   

वायरल वीडियो कतर यात्रा के दौरान का है, जिसमें पाकिस्तानी पीएम का विमान कतर के एयरस्पेस में प्रवेश करता है. जिसके बाद शहबाज शरीफ विमान की खिड़की से ही एस्कॉर्ट कर रहे जहाजों को सलामी देने लगते हैं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 

सोशल मीडिया पर क्यों ट्रोल हो रहे पाकिस्तानी पीएम

शहाबज शरीफ के वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देने शुरू कर दी है. कुछ लोगों ने उनका मजाक बनाते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री ने लैंडिंग का इंतजार भी नहीं किया और हवा में ही सलामी देने लगे. कई यूजर्स ने इसे ओवरएक्टिंग करार दिया, जबकि कुछ ने राजनीतिक तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान के अंदरूनी संकट के बीच विदेशी दौरों पर ऐसे जेस्चर ज्यादा नजर आ रहे हैं. हालांकि, कई लोगों ने इस वीडियो को सामान्य कूटनीतिक प्रोटोकॉल का हिस्सा बताया और ट्रोल करने वालों को समझाने की कोशिश भी की.

क्या कहता है नियम?

जब किसी देश का प्रधानमंत्री या राष्ट्राध्यक्ष किसी दूसरे देश के आधिकारिक दौरे पर जाता है, तो मेजबान देश की वायुसेना द्वारा फाइटर जेट्स से एस्कॉर्ट करना एक सामान्य और सम्मानजनक प्रथा है. यह मेहमान नेता के प्रति मेजबान देश के सम्मान और स्वागत का प्रतीक माना जाता है. ऐसे मौकों पर मेहमान नेता अक्सर हाथ हिलाकर या सलामी देकर इस मेहमाननवाजी का जवाब देते हैं. यह अंतरराष्ट्रीय कूटनीति का एक मानक डिप्लोमैटिक जेस्चर है, जिसे दुनिया भर के नेतागण नियमित रूप से अपनाते हैं.

विशेषज्ञों के अनुसार, शहबाज शरीफ द्वारा किया गया यह अभिवादन किसी असामान्य बात नहीं है, बल्कि प्रोटोकॉल का पालन मात्र था. लेकिन उनका वीडियो अक्सर वायरल होता रहता है, इसी क्रम में यह भी हो गया. हालांकि कतर की राजधानी दोहा पहुंचने पर शहबाज शरीफ को पूरे राजकीय सम्मान के साथ स्वागत किया गया. एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और कतर के उच्चाधिकारियों ने औपचारिक रूप से उनका स्वागत किया.