IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

रील बनाने के लिए बीच पर ले गया मर्सिडीज कार, वीडियो में देखें मजा कैसे बना 'सजा'

सूरत के प्रसिद्द डुमास बीच पर एक कार रेत में फंस गई. चालक रील बनाने के लिए बीच पर कार लेकर पहुंचा था. डुमास बीच पर गाड़ियों को ले जाना प्रतिबंधित है, बावजूद इसके इस तरह की लापरतवाही

X
Kanhaiya Kumar Jha

सूरत: गुजरात के सूरत के प्रसिद्ध डुमास बीच पर एक बार फिर लापरवाही का मामला सामने आया है. समुद्र किनारे रेत में फंसी एक लाल रंग की लग्जरी मर्सिडीज कार को क्रेन से बाहर निकालते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. यह घटना उस समय हुई जब चालक कथित तौर पर बीच पर रील शूट करने के लिए कार लेकर पहुंच गया था, जबकि वहां वाहनों का प्रवेश सख्त रूप से प्रतिबंधित है.

रेत में बुरी तरह धंस गई थी कार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार समुद्र की लहरों के पास रेत में बुरी तरह धंस गई थी. कई प्रयासों के बाद भी वाहन को बाहर नहीं निकाला जा सका, जिसके बाद क्रेन की मदद से उसे खींचकर बाहर लाया गया. वायरल वीडियो के बाद सूरत पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक को हिरासत में लिया और उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है.

बीमा कंपनी से की जाएगी क्लेम एक्सेप्ट नहीं करने की अपील

सहायक पुलिस आयुक्त दीप वकील ने कहा- 'हमने इस मामले में आरटीओ से ड्राइवर का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की है. साथ ही बीमा कंपनी को भी सूचित किया जाएगा ताकि घटना से संबंधित किसी भी दावे को स्वीकार न किया जाए.'

नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि डुमास बीच वाहनों के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित क्षेत्र है और इस नियम का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी है कि आगे इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी और कड़े प्रावधान किए जाएंगे.

इस साल जुलाई में भी सामने आया था ऐसा मामला

गौरतलब है कि यह इस साल का दूसरा मामला है, जब किसी मर्सिडीज चालक ने बीच पर गाड़ी ले जाकर फंसा दी. इससे पहले जुलाई में भी एक एसयूवी चालक ने स्टंट करने की कोशिश की थी, जिसके दौरान उसकी कार बारिश से गीली रेत में धंस गई थी. डुमास बीच पर बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं ने एक बार फिर सार्वजनिक सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है.