West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

'भारत हमारा बाप था और रहेगा'..., पाकिस्तान की हार से बुरी तरह टूटे पाक फैंस, देखें सोशल मीडिया पर कैसे निकाला गुस्सा

Asia Cup 2025 final:  दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को हराकर रिकॉर्ड 9वां खिताब अपने नाम कर लिया. भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत ने जहां देशभर में जश्न का माहौल बनाया, वहीं पाकिस्तान में निराशा और गुस्से की लहर दौड़ गई.

Anubhaw Mani Tripathi

Asia Cup 2025 final: दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया. इस हार से पाकिस्तानी प्रशंसकों में खिलाड़ियों के प्रति गुस्सा और निराशा है. जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होता है, हज़ारों मीम्स और लाखों रिएक्शन वायरल होते हैं.

यूट्यूब और एक्स जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पाकिस्तानी प्रशंसकों ने अपनी टीम की करारी हार पर अपना गुस्सा निकाला. कई फैंस ने तो यहां तक कह दिया कि पाकिस्तानी टीम भारत से मुकाबला करने लायक ही नहीं है. भारतीय टीम के खिलाफ हार के बाद पाकिस्तानी समर्थकों के बयान तेजी से वायरल हो रहे हैं.

एक नाराज फैन ने कहा, “पूरे पाकिस्तान की ख्वाहिश भी हो तो हम भारत को नहीं हरा सकते. भारत हमारा बाप था और बाप ही रहेगा. हमारी पीढ़ी तो भारत को कभी नहीं हरा सकती.” उसने यह भी जोड़ा कि भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और लय देखकर लगता है कि वे हमें कभी हाथ मिलाने के काबिल भी नहीं समझते.

हारीस रऊफ के ‘प्लेन जश्न’ पर गुस्सा

पाकिस्तानी यूट्यूबर उमर अफज़ाल ने हार का ठीकरा तेज गेंदबाज हारीस रऊफ पर फोड़ा. उन्होंने कहा कि रऊफ का ‘फाइटर जेट’ वाला सेलिब्रेशन भारत को भड़काने जैसा था. अफज़ाल ने आगे कहा, “मैं पहले दिन से कह रहा था कि रऊफ ने शेरों को उकसा दिया है.” फैंस ने भी इस सेलिब्रेशन को टीम की हार का कारण बताया और कहा कि बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत के बावजूद एक-एक करके विकेट ऐसे गंवाए जैसे फाइटर जेट नीचे गिरते हैं.

भारतीय खिलाड़ियों के सामने दबाव में बिखरा पाकिस्तान

फैंस का मानना है कि जब भी पाकिस्तान भारत से भिड़ता है, उसके खिलाड़ी दबाव में आ जाते हैं. एक समर्थक ने कहा, “हमारी टीम हमेशा इंडिया के सामने नर्वस हो जाती है. दूसरी तरफ भारतीय टीम बेहद कूल और आत्मविश्वासी दिखती है.” कुछ प्रशंसकों ने यहां तक कहा कि वे अब पाकिस्तान क्रिकेट को सपोर्ट ही नहीं करना चाहते क्योंकि खिलाड़ी देश और फैंस की उम्मीदों के साथ खेलते-खेलते मजाक बना देते हैं. पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर डेनिश कनेरिया ने भी सोशल मीडिया पर तंज कसा. उन्होंने टीवी को पिंजरे में बंद दिखाने वाली तस्वीर साझा की. यह इशारा था पाकिस्तान में हर हार के बाद टीवी तोड़ने की पुरानी परंपरा पर.

भारत ने बनाई इतिहास

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और साहिबजादा फरहान (57) और फखर जमान (46) की 84 रनों की साझेदारी से मजबूत शुरुआत की. लेकिन जैसे ही फरहान को वरुण चक्रवर्ती (2-30) ने आउट किया, टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने बीच के ओवरों में पाकिस्तान को जकड़ लिया और टीम 146 रन पर ढेर हो गई.

भारत की शुरुआत भी खराब रही. अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए. स्कोर था 20-3. लेकिन तिलक वर्मा (नाबाद 69) और संजू सैमसन (24) ने पारी को संभाला. हुसैन तलत ने सैमसन का कैच छोड़कर पाकिस्तान की आखिरी उम्मीद भी खत्म कर दी. अंत में शिवम दुबे (33) ने वर्मा का साथ दिया और भारत ने 5 विकेट से जीत दर्ज की.

जश्न भारत में और गुस्सा पाकिस्तान में

भारत ने जहां नौवीं बार एशिया कप जीतकर नया इतिहास रचा, वहीं पाकिस्तान की जनता निराशा से भर गई. सोशल मीडिया पर फैंस के तीखे रिएक्शन और टीम पर बरसे ताने साफ बताते हैं कि यह हार उनके लिए सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान का सवाल थी.