महाराष्ट्र के पुणे में शनिवार सुबह एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे देख लोग भगवान का शुक्रिया अदा कर रहेे हैं. एक वायरल हो रहे वीडियो में शिरूर इलाके के व्यस्त निर्माण चौक पर 23 वर्षीय गर्भवती महिला ने सड़क पर ही बच्चे को जन्म दे दिया. वहां मौजूद लोगों ने डॉक्टर के साथ मिलकर साड़ियों का पर्दा बनाया और प्रसव को अंजाम तक पहुंचाया.
23 साल की सुप्रिया नितेश काले को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और वह सड़क पर ही गिर पड़ी. मौके पर मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई. राहगीरों ने तुरंत एकजुट होकर स्थिति को संभाला और एक स्थानीय डॉक्टर को बुलाकर सड़क पर ही सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करवाया.
घटना के समय सुप्रिया अपने पति के साथ इलाज के लिए शिरूर ग्रामीण अस्पताल जा रही थी. सरकारी अस्पताल ने दंपती को भर्ती करने से साफ मना कर दिया था. उनका कहना था कि प्रसव के लिए मरीजों को लेना बंद कर दिया गया है. अस्पताल ने उन्हें डिलीवरी के लिए अहल्यानगर या मुख्य पुणे शहर जाने की सलाह दी. यह जोड़ा सुबह करीब सवा दस बजे रास्ते में था, उसी समय महिला को भयंकर दर्द उठा और वह अचानक बीच सड़क पर ही बेसुध होकर गिर पड़ी.
Woman in sudden labour gives birth on Pune roadside; local women create privacy screen & doctor delivers baby safely. Both mom & newborn doing well. pic.twitter.com/lrqXrbVJyl
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) May 1, 2026
महिला की यह नाजुक हालत देखकर वहां मौजूद राहगीरों ने बिना समय गंवाए इंसानियत का शानदार फर्ज निभाया. स्थानीय लोगों ने पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक क्लिनिक से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनीता पोटे को मौके पर बुला लिया. महिलाओं और अन्य लोगों ने मिलकर साडियों, चादरों और गाउन से सड़क के बीचों-बीच एक घेरा बना दिया.
सड़क पर हुए प्रसव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैं. कई लोग इस खूबसूरत पल के दीवाने हो रहे हैं. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि डॉ. पोटे प्रसव के बाद वहां मौजूद लोगों की भीड़ को एक एकदम स्वस्थ बच्चा दिखा रही हैं. कुछ ही सेकेंड में इस वीडियो पर मिलियन व्यूज से ज्यादा हो गए हैं.