T20 World Cup 2026

'मई से अगस्त तक शेख हसीना को सावधान रहना होगा...', बांग्लादेश पर 8 महीने पहले कर दी थी भविष्यवाणी

Bangladesh Crisis: सोशल मीडिया पर सक्रिय एक ज्योतिषी ने 8 महीने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि मई से अगस्त 2024 तक का वक्त शेख हसीना के लिए मुश्किल होने वाला है. अब यह ट्वीट अचानक से चर्चा में आ गया है क्योंकि बांग्लादेश राजनीतिक संकट से जूझ रहा है और खुद शेख हसीना देश छोड़कर भारत आ गई हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, वह भारत से लंदन के लिए रवाना हो सकती हैं.

Social Media
India Daily Live

बांग्लादेश में मची हिंसा के बीच शेख हसीना देश छोड़कर भारत आ गई हैं. कई महीनों से विरोध की आग अंदर ही अंदर सुलग रही थी. अब शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है और वहां की सेना ने अपने हाथ में सत्ता संभाल ली. इस बीच सोशल मीडिया पर 8 महीने पुराना एक ट्वीट वायरल हो रहा है. इस ट्वीट में भविष्यवाणी की गई थी कि मई से अगस्त के बीच शेख हसीना को सतर्क रहना होगा. इस ट्वीट को अभी तक 27 लाख लोगों ने देखा है और अब यह चर्चा का विषय बन गया है. यह ट्वीट प्रशांत किनी नाम के एक ज्योतिषी ने किया है. प्रशांत ऐसे ही कई और ट्वीट कर चुके हैं जिसमें से कई ट्वीट सही भी साबित हुए हैं.

प्रशांत किनी खुद को ज्योतिषी बताते हैं. मार्च 2023 में ट्विटर अकाउंट बनाने वाले प्रशांत राजनीति, शेयर मार्केट और अन्य विषयों पर भविष्यवाणी करते हैं. इसके अलावा, वह हाथ देखने और टैरो रीडिंग का काम भी करते हैं. प्रशांत के अमेरिकी चुनाव, दक्षिण भारत में बाढ़ जैसे कई अन्य अनुमान भी लगभग सटीक साबित हुए हैं. ट्विटर पर उन्हें 38 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं लेकिन उनके ट्वीट्स को लाखों की संख्या में लोग देखते हैं.

8 महीने पहले कर दिया था ट्वीट

अक्तूबर 2023 में किए एक ट्वीट में प्रशांत ने लिखा था, 'अमेरिका और उसके सहयोगी शेख हसीना को उनके पद से हटाने वाले हैं. भविष्य में उनकी सरकार के खिलाफ  कई प्रयास किए जाएंगे. उन्हें मई, जून और जुलाई 2024 के महीनों में बेहद सतर्क रहना होगा.' एक और ट्वीट में प्रशांत ने लिखा था, 'शेख हसीना की हत्या के प्रयास भी हो सकते हैं.' अब खुद प्रशांत ही अपने पुराने ट्वीट्स फिर से शेयर कर रहे हैं और अपना दावा साबित कर रहे हैं.

उन्होंने यह भी लिखा है कि बांग्लादेश की सेना अगले तीन साल लोकतंत्र को वापस नहीं आने देगी. अगर प्रशांत किनी के अनुमानों की बात करें तो उनका कहना है कि इस साल के ओलंपिक गेम्स में भारत को एक भी गोल्ड मेडल नहीं मिलने वाला है. अब सोशल मीडिया यूजर्स उनके इस दावे को लेकर हैरानी जता रहे हैं. लोगों का कहना है कि आखिर इतना पहले से इतनी सटीक भविष्यवाणी कैसे की जा सकती है.

डिस्क्लेमर: इंडिया डेली लाइव इस तरह के दावों की पुष्टि नहीं करता है. यह खबर पूरी तरह से सोशल मीडिया पर वायरल हुए ट्वीट्स पर आधारित है.