भीषण गर्मी में एसी-फ्रिज-कूलर बढ़ा रहे बिजली बिल की टेंशन, तो इन स्मार्ट टिप्स से बचाएं हजारों रुपये

भारत में गर्मी अब अपने चरम पर पहुंच रही है. गर्मी बढ़ते ही घरों में ठंडक पाने के लिए एसी, कूलर और फ्रिज का इस्तेमाल तेजी से बढ़ जाता है, लेकिन इसके साथ ही बिजली का बिल भी अचानक ऊंचा पहुंच जाता है. तो ऐसे में इन टिप्स को अपनाकर बिल कम किया जा सकता है.

Pinterest
Meenu Singh

नई दिल्ली: भारत में गर्मी अब अपने चरम पर पहुंच रही है. गर्मी बढ़ते ही घरों में ठंडक पाने के लिए एसी, कूलर और फ्रिज का इस्तेमाल तेजी से बढ़ जाता है, लेकिन इसके साथ ही बिजली का बिल भी अचानक ऊंचा पहुंच जाता है. अक्सर लोग समझते हैं कि ज्यादा एसी, फ्रीज इस्तेमाल करना इसकी वजह है, जबकि सच यह है कि गलत तरीके से इनका उपयोग भी बिल बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाता है. अगर कुछ आसान आदतों में बदलाव कर लिया जाए, तो बिना आराम से समझौता किए बिजली का खर्च काफी हद तक कम किया जा सकता है.

गर्मी के मौसम में कूलिंग उपकरणों का सही उपयोग बेहद जरूरी हो जाता है. थोड़ी सी समझदारी और नियमित देखभाल न सिर्फ बिजली बचाती है, बल्कि उपकरणों की उम्र भी बढ़ाती है. आइए जानते हैं कैसे आप अपने रोजमर्रा के इस्तेमाल में छोटे बदलाव करके बड़ा फर्क ला सकते हैं.

एसी चलाने का स्मार्ट तरीका

एसी का इस्तेमाल करते समय तापमान का सही चुनाव बेहद अहम है. इसे बहुत कम तापमान, जैसे 16-18°C पर चलाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे मशीन पर ज्यादा दबाव पड़ता है और बिजली की खपत बढ़ती है. 24-26°C का तापमान सबसे संतुलित और किफायती माना जाता है.

इसके अलावा, एसी चलाते समय दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें ताकि ठंडी हवा बाहर न जाए. साथ ही पंखा चलाने से ठंडक जल्दी फैलती है, जिससे एसी को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती. समय-समय पर फिल्टर साफ करना भी जरूरी है, क्योंकि गंदा फिल्टर ज्यादा बिजली खपत करता है.

फ्रिज इस्तेमाल में बर्ते ये सावधानी

फ्रिज 24 घंटे चलने वाला उपकरण है, इसलिए इसमें छोटी-सी लापरवाही भी बिल बढ़ा सकती है. बार-बार फ्रिज खोलने से अंदर का तापमान बिगड़ता है और कंप्रेसर ज्यादा काम करता है.

गर्म खाना सीधे फ्रिज में रखने से बचें, पहले उसे सामान्य तापमान पर ठंडा होने दें. साथ ही फ्रिज का तापमान मध्यम स्तर पर रखना बेहतर होता है, जिससे ऊर्जा की बचत होती है.

ऐसे करें कूलर का सही उपयोग

कूलर का फायदा तभी मिलता है जब उसे सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए. इसे हमेशा खुली या हवादार जगह पर रखें, ताकि ताजी हवा अंदर आ सके. बंद कमरे में कूलर चलाने से ठंडक कम हो जाती है.

कूलिंग पैड्स की नियमित सफाई और समय पर इसका बदलाव जरूरी है. इसके अलावा पानी की टंकी और पंप की समय-समय पर जांच करते रहें, ताकि कूलर बेहतर तरीके से काम कर सके.