रिलायंस जियो के सैंकड़ों उपयोगकर्ताओं ने गुरुवार को नेटवर्क आउटेज की शिकायत की. उपयोगकर्ताओं ने खासतौर पर पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश और बिहार में नेटवर्क की समस्या की जानकारी दी. ज्यादातर शिकायतें इस बात से जुड़ी थीं कि फोन में कोई सिग्नल नहीं आ रहा, जबकि कुछ उपयोगकर्ताओं ने बताया कि उन्हें डेटा की समस्या हो रही थी.
डाउंडिटेक्टर पर रिपोर्ट किए गए आंकड़ों के मुताबिक 67 प्रतिशत उपयोगकर्ता सिग्नल न मिलने की समस्या से जूझ रहे थे. वहीं 16 प्रतिशत ने मोबाइल डेटा की समस्या उठाई और 17 प्रतिशत को पूरी तरह से ब्लैकआउट का सामना करना पड़ा.
रिलायंस जियो के मुकाबले एयरटेल के उपयोगकर्ताओं को कम परेशानियों का सामना करना पड़ा. एयरटेल में 100 से भी कम शिकायतें डाउंडिटेक्टर पर आईं, लेकिन यह मुद्दे विशेष रूप से कुछ क्षेत्रों तक ही सीमित थे. नेटवर्क डाउन होने की सूचना भी बहुत कम थी और अधिकांश एयरटेल उपयोगकर्ताओं ने अपनी समस्या का समाधान खुद ही निकाल लिया.
जियो के नेटवर्क आउटेज से प्रभावित यूजर्स ने एक्स पर अपनी नाराजगी जताई. एक उपयोगकर्ता ने लिखा 'जियो नेटवर्क पूरी तरह से डाउन है! पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, और बिहार में कोई सिग्नल नहीं है. जियो टीम, कृपया इसे जल्द ठीक करें.' वहीं एक अन्य यूज़र ने बताया 'मैंने कई बार फोन रीस्टार्ट किया, लेकिन अब भी कोई सर्विस नहीं मिल रही है.'
हालांकि रिलायंस जियो की तरफ से अभी तक इस आउटेज पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है, लेकिन नेटवर्क विशेषज्ञों का मानना है कि यह अस्थायी समस्या हो सकती है. फिलहाल जियो यूज़र्स को समस्या से निपटने के लिए अन्य विकल्पों की तलाश करनी पड़ रही है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि जियो इसे जल्दी ठीक करता है या नहीं.