अमरनाथ यात्रा पर जाने का है प्लान? इस तरह कर सकते हैं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन; पढ़ें प्रोसेस
अमरनाथ यात्रा पर जाने का प्लान कर रहे हैं, तो यहां हम आपको इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन का तरीका बता रहे हैं.
नई दिल्ली: 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो रही है. अगर आप इस तीर्थयात्रा पर जाने का प्लान कर रहे हैं, तो आप भी इसका रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन करवा सकते हैं. बता दें कि रजिस्ट्रेशन का ऑनलाइन प्रोसेस 15 अप्रैल से शुरू होगा. अगर आप रजिस्ट्रेशन कराना चाहते हैं, तो श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन या पूरे भारत में 550 से ज्यादा तय बैंक शाखाओं से ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं. चलिए जानते हैं अमरनाथ यात्रा 2026 पर जाने के लिए एलिजिबिलिटी और ऑनलाइन प्रोसेस की पूरी जानकारी.
अमरनाथ यात्रा 2026 की एलिजिबिलिटी:
इस यात्रा पर जाने के लिए उम्र सीमा 13 से 70 साल के बीच होनी चाहिए. इसके अलावा अगर गर्भावस्था छह हफ्ते से ज्यादा की है, तो यात्रा की अनुमति नहीं मिलेगी. वहीं, मेडिकल सर्टिफिकेट 8 अप्रैल, 2026 के बाद जारी किया गया है, जो एक अनिवार्य हेल्थ सर्टिफिकेट है.
कैसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन:
श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB) की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आप रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. अगर आप ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन कराना चाहते हैं, तो एसबीआई, पीएनबी, आईसीआईसीआई, यस और एक्सिस बैंक की शाखा में जा सकते हैं. पूरे भारत में 550 बैंक शाखाएं हैं, जो रजिस्ट्रेशन कराने का काम करती हैं. आपको एप्लीकेशन फॉर्म और मेडिकल सर्टिफिकेट का फॉर्मेट SASB पोर्टल पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है. ध्यान रखना होगा कि रजिस्ट्रेशन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होता है. यात्रा की तय तारीख से सात दिन पहले रजिस्ट्रेशन के स्लॉट बंद हो जाते हैं.
अमरनाथ गुफा तक के रास्ते:
पहलगाम मार्ग, जो 48 किलोमीटर लंबा है. यह धीरे-धीरे चढ़ाई करने वाला रास्ता है. जो लोग पहली बार यात्रा कर रहे हैं उनके लिए ये सही रहेगा. दूसरा रास्ता बालटाल है, जो 14 किलोमीटर लंबा है. यह छोटा रास्ता है और ज्यादा खड़ी चढ़ाई वाला है. जो लोग एक्सपीरियंस्ड ट्रैकर हैं, ये उनके लिए सही रहेगा.
यात्रियों को मिलती है पूरी सुरक्षा:
अमरनाथ यात्रा एडवांस सुरक्षा उपायों के साथ शुरू होती है. इसमें 10 लाख रुपये का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस कवरेज, RFID ट्रैकिंग कार्ड के साथ बालटाल, नुनवान, श्रीनगर और चंदनवाड़ी में ठहरने की ज्यादा सुविधाएं दी गई हैं. इसके साथ ही पालकी या कुली के लिए भी प्री-पेड सर्विस उपलब्ध है.