केदारनाथ यात्रा पर संकट! उत्तराखंड में आज झमाझम बारिश-ओलावृष्टि चेतावनी, 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में 30 अप्रैल को मौसम विभाग ने 8 जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे भूस्खलन से बंद हो गया है, जबकि रुद्रप्रयाग में केदारनाथ यात्रा पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं.
उत्तराखंड में अप्रैल के आखिरी दिन मौसम ने अचानक करवट ली है. मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों में झमाझम बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है. उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे बंद होने से यात्री फंस गए हैं, वहीं केदारनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है. IMD के अनुसार अगले 48 घंटों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है.
उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 30 अप्रैल को रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी और नैनीताल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में भारी बारिश, गर्जना के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है. मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि अगले दो दिनों तक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. 4000 मीटर से ऊंचे इलाकों में बर्फबारी भी होने की संभावना जताई गई है.
उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे बंद
उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी क्षेत्र में तेज बारिश और भूस्खलन के कारण गंगोत्री नेशनल हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है. बिसनपुर इलाके में पहाड़ से भारी मलबा गिरने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. कई तीर्थयात्री और स्थानीय लोग बीच रास्ते में फंस गए हैं. सीमा सड़क संगठन की टीमें मलबा हटाने का काम कर रही हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश में बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है.
केदारनाथ यात्रा पर मंडराया संकट
रुद्रप्रयाग जिले में अचानक हुई भारी बारिश और तेज हवाओं ने केदारनाथ यात्रा को प्रभावित किया है. प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड पर काम शुरू कर दिया है. मौसम की खराब स्थिति को देखते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. अगर बारिश और ओलावृष्टि जारी रही तो यात्रा पर और असर पड़ सकता है.
ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान
उत्तरकाशी की ग्राम पंचायत खेडमी में हुई तेज ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी फसलों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया. मिनटों में हुई ओलावृष्टि से किसानों की मेहनत एक पल में मिट्टी में मिल गई. प्रभावित किसान अब सरकार से मुआवजे और आर्थिक मदद की मांग कर रहे हैं. मौसम की इस मार से पहाड़ी इलाकों के किसान काफी परेशान हैं.
यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
प्रशासन ने सभी यात्रियों और स्थानीय लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक मौसम की स्थिति खराब बनी रह सकती है. लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें और सतर्क रहें.