उत्तराखंड के 25 साल पूरे होने पर PM मोदी ने दी 8100 करोड़ की सौगात, जानें इन परियोजनाओं में कौन-कौन से क्षेत्र होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड स्थापना दिवस पर 8100 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. उन्होंने राज्य की 25 साल की विकास यात्रा की सराहना की और भविष्य में इसे आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित करने का आह्वान किया.

@ani_digital x account
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देहरादून के एफआरआई मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में भाग लिया. इस मौके पर प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को 8100 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी. इन परियोजनाओं में पेयजल, सिंचाई, ऊर्जा, तकनीकी शिक्षा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं.

कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन और औद्योगिक संभावनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया. उन्होंने गढ़वाली भाषा में संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि उत्तराखंड की रजत जयंती पर वह प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई देते हैं. उन्होंने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनका बलिदान ही आज के विकसित उत्तराखंड की नींव है.

पीएम मोदी ने क्या कहा?

पीएम मोदी ने कहा कि जब 25 वर्ष पहले उत्तराखंड नया-नया राज्य बना था, तब साधन और बजट दोनों सीमित थे, लेकिन आज तस्वीर पूरी तरह बदल गई है. उन्होंने बताया कि राज्य का बजट 4 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर आज 1 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास किया है, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है.

उत्तराखंड के विकास के बारे में क्या कहा?

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि आने वाले 25 वर्षों में उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाना होगा. उन्होंने कहा कि यदि राज्य ठान ले तो उत्तराखंड आध्यात्मिक राजधानी के रूप में अपनी पहचान बना सकता है. उन्होंने सुझाव दिया कि हर विधानसभा क्षेत्र में एक छोटा पर्यटन केंद्र विकसित होना चाहिए, जहां स्थानीय व्यंजन और उत्पादों को बढ़ावा दिया जाए.

कई बड़ी परियोजनाओं का किया लोकार्पण?

पीएम मोदी ने कई बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इनमें देहरादून जलापूर्ति कवरेज परियोजना, पिथौरागढ़ में विद्युत सबस्टेशन, सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र, हल्द्वानी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान शामिल हैं. इसके अलावा, देहरादून में सौंग बांध पेयजल परियोजना और नैनीताल में जमरानी बहुउद्देशीय परियोजना का भी शिलान्यास किया गया.

अत्याधुनिक डेयरी संयंत्र के बारे में क्या कहा?

प्रधानमंत्री ने चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय और नैनीताल में अत्याधुनिक डेयरी संयंत्र की स्थापना का भी ऐलान किया. उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 28 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 62 करोड़ रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की. पीएम मोदी ने कहा कि इन योजनाओं से उत्तराखंड का इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था दोनों मजबूत होंगे.