चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, ऋषिकुल मैदान में लगी श्रद्धालुओं की भीड़; जानें जरूरी दस्तावेज
हरिद्वार में चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है. 20 काउंटर बनाए गए हैं और आधार कार्ड सहित पहचान पत्र जरूरी है. 19 अप्रैल से धामों के कपाट खुलेंगे.
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में ऋषिकुल मैदान में ऑफलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है.
जानकारी के अनुसार पंजीकरण केंद्र सुबह 7 बजे से ही खुल गया और तीर्थयात्री जल्दी पहुंचने लगे. पहले दो घंटों में ही करीब 150 श्रद्धालुओं ने अपना पंजीकरण करा लिया, जिससे साफ है कि इस बार भी यात्रा को लेकर लोगों में खास उत्साह है.
निरीक्षण के लिए कौन-कौन गया?
पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने श्रद्धालुओं का फूल-माला से स्वागत किया और यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं.
कितने काउंटर बनाए गए हैं?
पर्यटन विभाग ने पंजीकरण प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए ऋषिकुल मैदान में कुल 20 काउंटर स्थापित किए हैं. इन काउंटरों पर तीर्थयात्रियों का रजिस्ट्रेशन तेजी से किया जा रहा है. इसके साथ ही परिसर में स्वास्थ्य जांच की भी व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा से पहले श्रद्धालुओं की फिटनेस सुनिश्चित की जा सके.
कब से हो रहा ऑनलाइन पंजीकरण?
चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पहले ही 6 मार्च से शुरू हो चुका था और बड़ी संख्या में लोग इस माध्यम से पंजीकरण करा चुके हैं. जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल के अनुसार, ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों ही प्रक्रियाएं सुचारू रूप से चल रही हैं.
कौन-कौन से दस्तावेज हैं जरूरी?
पंजीकरण के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज अनिवार्य किए गए हैं. श्रद्धालुओं को आधार कार्ड, फोटो पहचान पत्र, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस साथ लाना होगा. बिना इन दस्तावेजों के पंजीकरण संभव नहीं होगा.
बड़े समूहों में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने 15 मोबाइल टीमों का भी गठन किया है. ये टीमें धर्मशालाओं और आश्रमों में जाकर मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करा रही हैं.
कब खुलेंगे कपाट?
चारधाम यात्रा के तहत यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खोले जाएंगे. इसके एक दिन पहले यानी 18 अप्रैल को बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार से यात्रा के लिए रवाना होंगे. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय से पंजीकरण कराएं और यात्रा के दौरान सभी नियमों का पालन करें.
और पढ़ें
- शुरू होने वाली है चारधाम यात्रा, 15 से केदारनाथ हेली टिकट की होगी बुकिंग; जानें आपदा में काम आने वाली वैकल्पिक सड़कें
- पीएम मोदी का देहरादून दौरा 14 अप्रैल को, राजाजी टाइगर रिजर्व में पर्यटक तीन दिन नहीं ले पाएंगे जंगल सफारी का मजा
- उत्तराखंड में जमकर बरसेंगे बादर, चमोली समेत पांच जिलों में बारिश के लिए IMD का अलर्ट; जानिए वेदर अपडेट