यूपी ड्रग सिंडिकेट के सरगना ने घर के सीक्रेट बेसमेंट का वीडियो आया सामने, रेड के दौरान भागने के लिए किया इस्तेमाल

मेरठ में ड्रग सिंडिकेट के सरगना तसलीम ने घर में गुप्त बेसमेंट बनाकर नशा छिपाया और छापे के दौरान फरार हो गया. उसके बेटे और सहयोगी को चरस के साथ पकड़ा गया.

Video Grap
Km Jaya

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक बड़े ड्रग सिंडिकेट के सरगना का चौंकाने वाला तरीका सामने आया है. पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी ने अपने घर में गुप्त बेसमेंट बना रखा था. इस बेसमेंट का इस्तेमाल न सिर्फ नशीले पदार्थ छिपाने के लिए किया जाता था बल्कि पुलिस छापे के दौरान फरार होने के लिए भी किया गया.

आरोपी की पहचान तस्लीम के रूप में हुई है. तस्लीम पर 70 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार तसलीम ने अपने घर में जमीन से करीब 15 फीट नीचे एक खास बेसमेंट बनवाया था. इस बेसमेंट में ड्रग की खेप रखी जाती थी. मीडिया की टीम ने मौके पर जाकर देखा कि बेसमेंट में शादी सजावट में इस्तेमाल होने वाली कुर्सियां और कालीन रखे हुए थे. इन्हीं सामानों की आड़ में नशीले पदार्थ छिपाए जाते थे.

देखें वीडियो

पुलिस को क्या मिली सूचना?

पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्लीम बड़ी मात्रा में नशे की खेप भेजने की तैयारी कर रहा है. इसके बाद मेरठ पुलिस ने जाल बिछाया. पुलिस ने सबसे पहले तस्लीम के बेटे शहबाज और उसके करीबी सहयोगी सलमान को पकड़ा. दोनों के पास से 500 ग्राम से ज्यादा चरस बरामद की गई. इसके एक दिन बाद पुलिस ने तस्लीम के घर पर छापा मारा.

छापे के दौरान तस्लीम कैसे हुआ फरार?

छापे के दौरान तस्लीम ने अपने घर के बेसमेंट से बने संकरे रास्ते का इस्तेमाल किया और फरार हो गया. पुलिस का कहना है कि वह पहले भी कई बार गिरफ्तार हो चुका है लेकिन जमानत पर बाहर आ जाता था. गैंगस्टर एक्ट के तहत उसकी कई संपत्तियां पहले ही जब्त की जा चुकी हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि तस्लीम नशे की तस्करी में बच्चों का इस्तेमाल करता था.

इस मामले में कितने लोगों की हुई गिरफ्तारी?

उत्तर प्रदेश पुलिस ने हाल के दिनों में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज किया है. इसी महीने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मेरठ और दौराला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 72.9 किलो गांजा जब्त किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गांजा 12 इन्वर्टर की बॉडी के अंदर छिपाया गया था.

इसके अलावा छह दिसंबर को मेरठ में अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह से जुड़े पांच लोगों को पकड़ा गया था. उनके पास से 125 किलो गांजा बरामद किया गया. पुलिस का कहना है कि ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और तस्लीम को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.