18 साल के बेटे से घर में गलती से चली गोली, मां की तड़प-तड़पकर हुई मौत; पल भर में तबाह हुआ हंसता-खेलता परिवार
जांच में सामने आया है कि आरोपी बेटा तरुण, जिसकी उम्र 18 साल है, अपनी मां को एक देसी पिस्तौल दिखा रहा था. इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो सीधे मां के चेहरे पर जा लगी. गोली लगते ही सुमति गंभीर रूप से घायल हो गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंगपुरा इलाके से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक घर के अंदर बेटे से गलती से चली गोली उसकी मां के चेहरे पर लग गई, जिससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब घर में सिर्फ मां और बेटा मौजूद थे. पिता उस वक्त घर पर नहीं थे. मृतक महिला की पहचान सुमति के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 37 साल थी. वह अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए आसपास के घरों में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी. परिवार में पति और तीन बच्चे हैं.
मां के चेहरे पर लगी
जांच में सामने आया है कि आरोपी बेटा तरुण, जिसकी उम्र 18 साल है, अपनी मां को एक देसी पिस्तौल दिखा रहा था. इसी दौरान अचानक हथियार से गोली चल गई, जो सीधे मां के चेहरे पर जा लगी. गोली लगते ही सुमति गंभीर रूप से घायल हो गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दिल्ली पुलिस ने क्या बताया
पुलिस ने बताया कि रात करीब 10:39 बजे लाजपत नगर थाना क्षेत्र को मूलचंद अस्पताल से पीसीआर कॉल मिली थी. कॉल में जानकारी दी गई थी कि एक महिला को गोली लगने के बाद मृत अवस्था में लाया गया है. इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की गई.
आरोपी बेटे का हुआ गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया था. पीछा करने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने यह अवैध देसी पिस्तौल आश्रम इलाके में एक व्यक्ति से खरीदी थी. वारदात के बाद उसने हथियार को पास के एक नाले में फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है.
कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 105 और शस्त्र अधिनियम की धारा 25, 27 और 54 के तहत मामला दर्ज किया है. अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसने आरोपी को अवैध हथियार बेचा था. अधिकारियों का कहना है कि यह घटना भले ही गलती से हुई हो, लेकिन अवैध हथियार रखना गंभीर अपराध है और जांच पूरी सख्ती से की जाएगी.
और पढ़ें
- बंद कार में तीन लाशें और ‘बाबा’! पीरागढ़ी केस में आया नया मोड़; CCTV फुटेज से दिल्ली पुलिस के हाथ लगा अहम सुराग
- बदमाशों ने सड़क पर भगा-भगा कर उतारा मौत के घाट, दिल्ली में फिल्मी स्टाइल में कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या
- दिल्ली के निजामुद्दीन में शाम को गीजर ऑन कर नहाने गया था शख्स, ब्लास्ट के बाद गई जान; धुएं में पत्नी भी बेहोश