T20 World Cup 2026

'गर्दन उतार देता...', शख्स ने फेसबुक पर प्रेमानंद महाराज को दी जान से मारने की धमकी

वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है. मध्य प्रदेश के सतना निवासी एक युवक ने फेसबुक पर उनकी गर्दन उतारने की बात लिखी, जिससे संत समाज और सामाजिक संगठनों में आक्रोश है. यह विवाद एक पुराने वीडियो को लेकर हुआ, जिसमें प्रेमानंद महाराज ने युवाओं के चरित्र और रिश्तों को लेकर टिप्पणी की थी.

WEB
Kuldeep Sharma

वृंदावन के लोकप्रिय आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज एक बार फिर विवादों में हैं. सोशल मीडिया पर दिए गए उनके एक बयान को लेकर मध्य प्रदेश के युवक ने उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है. इस घटना ने संत समाज को झकझोर दिया है और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं.

बताया जा रहा है कि यह धमकी सतना जिले के रहने वाले शत्रुघ्न सिंह नामक युवक ने 31 जुलाई को अपने फेसबुक अकाउंट पर दी. उसने लिखा, “पूरे समाज की बात है… मेरे घर के बारे में बोलता, तो प्रेमानंद हो या कोई और... मैं उसकी गर्दन उतार देता.” इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया. कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

हालांकि इस गंभीर धमकी के बावजूद सतना पुलिस का कहना है कि उन्हें अब तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. एसपी आशुतोष गुप्ता ने कहा कि यदि कोई शिकायत मिलती है तो कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. वहीं, सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या ऐसे खुलेआम दिए गए हिंसक बयानों पर स्वतः संज्ञान नहीं लिया जाना चाहिए?

पुराने वीडियो से जुड़ा है मामला

यह पूरा मामला प्रेमानंद महाराज के एक पुराने वीडियो से जुड़ा है जिसमें उन्होंने लड़कियों के पहनावे और रिश्तों को लेकर विवादित बयान दिया था. वीडियो में उन्होंने कहा था कि आज की पीढ़ी के लड़के-लड़कियों का चरित्र पवित्र नहीं रहा, जिसकी वजह से वैवाहिक जीवन में समस्याएं बढ़ रही हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई लड़की चार पुरुषों से संबंध बना चुकी है, तो वह सच्ची पत्नी नहीं बन सकती. यही बात उन्होंने पुरुषों पर भी लागू की.