T20 World Cup 2026

आजमगढ़ में घिनौनी हरकत! बैंककर्मी ने युवक के मुंह पर की पेशाब, वायरल वीडियो ने मचाया बवाल

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक बैंककर्मी ने अपने पड़ोसी युवक के चेहरे पर पेशाब कर दिया. इस अमानवीय हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

X
Babli Rautela

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक ऐसी घटना हुई जिसने समाज को शर्मसार कर दिया. शहर कोतवाली क्षेत्र के रैदोपुर इलाके में एक बैंककर्मी ने नशे की हालत में अपने पड़ोसी युवक के चेहरे पर पेशाब कर दिया. इस घटना का 11 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें साफ दिख रहा है कि पीड़ित युवक जमीन पर बेबस पड़ा है और आरोपी बेहिचक होकर उस पर पेशाब कर रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और घटना ने पूरे यूपी को झकझोर दिया.

आरोपी की पहचान साहिल कुमार के रूप में हुई है, जो मऊ जिले के एक बैंक में कर्मचारी है. वह रैदोपुर स्थित एलआईसी नंबर-2 कार्यालय के पीछे किराए के मकान में रहता है. पीड़ित युवक उसका पड़ोसी और करीबी दोस्त बताया जा रहा है. दोनों ही नशे के आदी हैं और कई बार साथ बैठकर शराब पीते थे. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह वीडियो करीब एक साल पुराना है, लेकिन अब जाकर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इस मामले की पुष्टि करते हुए सीओ सिटी शुभम तोदी ने कहा, 'वायरल वीडियो के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है. आरोपी साहिल कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.'

घटना के बाद से सोशल मीडिया पर AzamgarhPeshabKand हैशटैग ट्रेंड कर रहा है. लोग आरोपी को सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं ताकि इस तरह की हरकत दोबारा कोई न कर सके. वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में भारी रोष और सनसनी फैल गई है. लोग इस घटना को यूपी की छवि पर दाग बता रहे हैं और समाज में गिरते नैतिक मूल्यों पर चिंता जता रहे हैं.

नशे में पार की सारी हदें

पुलिस के अनुसार आरोपी और पीड़ित के बीच किसी पुरानी दुश्मनी की बात सामने नहीं आई है. दोनों ही नशे के आदी थे और संभवतः नशे की हालत में किसी झगड़े या मजाक ने इस घिनौनी हरकत का रूप ले लिया. पीड़ित युवक ने अभी तक औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन पुलिस ने वीडियो के आधार पर स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई शुरू कर दी. फिलहाल पुलिस आरोपी के नशे और मानसिक स्थिति की भी जांच कर रही है.