menu-icon
India Daily

NEET UG 2026 री एग्जाम शुरू, कड़ी सुरक्षा के बीच 3.5 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल; छात्रों ने जताई बड़ी उम्मीद

उत्तर प्रदेश के 59 जिलों में आयोजित NEET UG 2026 री एग्जाम में करीब 3.5 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
NEET UG 2026 री एग्जाम शुरू, कड़ी सुरक्षा के बीच 3.5 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल; छात्रों ने जताई बड़ी उम्मीद
Courtesy: Pinterest

लखनऊ: भारत की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 के री एग्जाम को लेकर रविवार को उत्तर प्रदेश में व्यापक तैयारियां देखने को मिलीं. पेपर लीक विवाद के बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा में लाखों अभ्यर्थी अपने मेडिकल कॉलेज के सपने को साकार करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच छात्र उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी.

प्रदेश के 59 जिलों में आयोजित इस री एग्जाम में करीब 3.5 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी. उम्मीदवारों की एंट्री सुबह 11 बजे से शुरू हुई, जबकि केंद्रों के गेट डेढ़ बजे बंद कर दिए जाएंगे.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

परीक्षा को निष्पक्ष बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं. अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, फोटो पहचान पत्र, फोटो और हस्ताक्षर का मिलान किया जा रहा है. इसके अलावा बायोमेट्रिक सत्यापन भी अनिवार्य किया गया है. परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है.

GPS निगरानी में पहुंचाए गए प्रश्नपत्र

परीक्षा शुरू होने से पहले प्रश्नपत्रों को जीपीएस से लैस वाहनों के जरिए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया. प्रशासन का उद्देश्य किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या सुरक्षा चूक की संभावना को समाप्त करना है. अधिकारियों को परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.

छात्रों ने साझा किया अपना अनुभव

सहारनपुर की एक अभ्यर्थी ने बताया कि पेपर लीक की खबर सुनने के बाद वह काफी निराश हो गई थीं. उन्हें दोबारा तैयारी करनी पड़ी, लेकिन अब वह बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही हैं. वहीं एक दूसरी अभ्यर्थी का कहना है कि परीक्षा एजेंसियों को पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्यहाही करनी चाहिए, क्योंकि इससे लाखों छात्रों की मेहनत प्रभावित होती है.

एक अन्य छात्रा ने बताया कि पिछली परीक्षा उनका पहला प्रयास था और रद्द होने के बाद उन्हें दोबारा तैयारी करनी पड़ी. हालांकि इस बार भी उन्होंने कड़ी मेहनत के साथ तैयारी की है. पेपर लीक के कारण रद्द हुई परीक्षा के बाद आयोजित यह री एग्जाम लाखों छात्रों के लिए सिर्फ एक परीक्षा नहीं, बल्कि उनके भविष्य को तय करने वाला महत्वपूर्ण अवसर बन गया है.