T20 World Cup 2026

पहले गला घोंटा फिर सीने पर मारी ताबड़तोड़ गोलियां, हत्या का लाइव वीडियो देखकर कांप जाएगी आत्मा

Meerut murder case: लोहियानगर इलाके में दिनदहाड़े हुए आदिल हत्याकांड ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है. ट्यूबवैल पर हुई इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होते ही मामला और भी संगीन हो गया.

Anubhaw Mani Tripathi

Meerut murder case: मेरठ के लोहियानगर इलाके में दिनदहाड़े हुई एक हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है. यह सनसनीखेज वारदात गाँव के एक ट्यूबवेल पर हुई. वीडियो वायरल होने के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है. पुलिस अब पुरानी रंजिश और अवैध संबंध समेत दोनों पहलुओं से हत्या की जाँच कर रही है.

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिन लोगों ने आदिल की हत्या की, वे उसी दिन उसके साथ घूमते रहे. योजनाबद्ध तरीके से उसे ट्यूबवैल तक ले जाया गया. वहां पहले उसका गला दबाकर बेहोश किया गया और फिर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी गईं. घटना की गंभीरता इसी से समझी जा सकती है कि आदिल को धोखे से फंसाकर मौत के मुंह में धकेला गया. आदिल के भाई फाजिल ने सात आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है. बताया जा रहा है कि सभी आरोपी अबरार परिवार से जुड़े हुए हैं.

अबरार हत्याकांड से जुड़ा बदला?

करीब एक महीने पहले इसी कॉलोनी में रहने वाले अबरार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस मामले को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा गया था. अबरार की मौत के बाद उसके परिजनों ने खुलेआम बदला लेने की धमकी दी थी. परिवार को शक था कि हत्या किसी करीबी की मुखबिरी से संभव हुई और शक की सुई सीधे आदिल पर जाकर टिक गई. अबरार और आदिल के घर आमने-सामने थे. यही वजह रही कि अबरार का परिवार आदिल को ही जिम्मेदार मान बैठा और आखिरकार यह खूनी खेल सामने आया.

अवैध संबंध का एंगल भी उठा

पुलिस तफ्तीश में एक और अहम पहलू सामने आ रहा है. सूत्रों के मुताबिक, आदिल के निजी संबंधों को लेकर भी विवाद था. यह शक जताया जा रहा है कि हत्या की असली वजह केवल मुखबिरी नहीं, बल्कि अवैध संबंधों से उपजी दुश्मनी भी हो सकती है. पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है और करीबी रिश्तों की गुत्थी सुलझाने की कोशिश में जुटी है.

वायरल वीडियो ने खोली पोल

गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पर 12 सेकेंड का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसने पूरे मामले को नई दिशा दे दी. वीडियो में एक किशोर आदिल के सीने पर तीन गोलियां दागता साफ दिख रहा है. गोली चलाने से पहले एक युवक उसे उकसाता है और बाद में वहां से हट जाने को कहता है.

पुलिस जांच में सामने आया कि गोली चलाने वाला किशोर श्यामनगर का रहने वाला जुलकमर है. आवाज से पुलिस ने उसके साथी की भी पहचान कर ली है. इतना ही नहीं, जुलकमर का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह अपने साथी के साथ बाइक पर हाईवे से गुजरता दिख रहा है. इन वीडियोज़ ने पुलिस के लिए सुराग जुटाने का काम आसान कर दिया है.

इलाके में दहशत

एसपी सिटी आयुष बिक्रम सिंह ने पुष्टि की है कि वीडियो फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. मेरठ समेत कई जिलों में आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है. पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा.

इस वारदात ने पूरे लोहियानगर क्षेत्र में दहशत फैला दी है. लोग कह रहे हैं कि अबरार हत्याकांड के बाद से ही माहौल तनावपूर्ण था और आदिल की हत्या ने हालात को और बिगाड़ दिया. मोहल्ले में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है.