आपसी रंजिश या गैंगवार... बाराबंकी में दिनदहाड़े मुख्तार अंसारी गैंग के शूटर पर अंधाधूंध फायरिंग, मौके पर तोड़ा दम
शोएब उर्फ बॉबी को मुख्तार अंसारी के गैंग से जुड़ा हुआ माना जाता था. पुलिस के अनुसार, वह कई आपराधिक मामलों में आरोपी रहा है. खास तौर पर वह लखनऊ के चर्चित जेलर हत्याकांड में भी नामजद था.
बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात में मुख्तार अंसारी के करीबी माने जाने वाले शोएब उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमलावरों ने उसे बेहद करीब से लगभग 10 गोलियां मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
यह घटना लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर असैनी मोड़ के पास व्यस्त इलाके में हुई, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़ा था शोएब
शोएब उर्फ बॉबी को मुख्तार अंसारी के गैंग से जुड़ा हुआ माना जाता था. पुलिस के अनुसार, वह कई आपराधिक मामलों में आरोपी रहा है. खास तौर पर वह लखनऊ के चर्चित जेलर हत्याकांड में भी नामजद था. हालांकि, हाल के समय में वह बाराबंकी में वकालत का काम कर रहा था और यही रहता था. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह थाना कोतवाली क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर भी था और उसके खिलाफ करीब 5 से 6 मुकदमे दर्ज थे.
अज्ञात हमलावरों ने की हत्या
जानकारी के अनुसार, शोएब अपनी नीले रंग की कार में कही जा रहा था. तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उसकी कार को रोककर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमलावरों ने इतनी नजदीक से गोलियां चलाई कि उसे संभलने का मौका ही नहीं मिला. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर ड्राइविंग सीट पर ही गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस अधीक्षक ने क्या बताया?
बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. वहां एक व्यक्ति कार की ड्राइविंग सीट पर मृत अवस्था में मिला, जिसके शरीर पर कई गोलियों के निशान थे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. और साथ ही फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
आपसी रंजिश या गैंगवार?
पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान शोएब किदवई उर्फ बॉबी के रूप में हुई है. वह पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और मुख्तार अंसारी गैंग से उसके संबंध रहे हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश, गैंगवार या कोई पुरानी दुश्मनी तो वजह नहीं है.
जेल में हार्ट अटैक से मुख्तार की मौत
गौरतलब है कि पूर्वांचल के बाहुबलियों में गिने जाने वाले और कई बार विधायक रहे मुख्तार अंसारी पर हत्या, अपहरण और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे. 28 मार्च 2024 को बांदा जेल में उसकी मौत हो गई थी, जिसे आधिकारिक तौर पर हार्ट अटैक बताया गया था. शोएब उर्फ बॉबी की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं और जांच जारी है. स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर डर और चर्चा का माहौल बना हुआ है.