menu-icon
India Daily

कृष्ण रूप में सजे नन्हें बच्चों के साथ दुलार, चॉकलेट बांटकर लुटाया प्यार...जन्माष्टमी पर CM योगी के वीडियो ने जीता दिल

जन्माष्टमी का पर्व देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है. इस अवसर पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों से मुलाकात की, उन्हें गोद में उठाया और चॉकलेट भेंट की. इस दौरान मंदिर परिसर भक्तों से भरा रहा और माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
कृष्ण रूप में सजे नन्हें बच्चों के साथ दुलार, चॉकलेट बांटकर लुटाया प्यार...जन्माष्टमी पर CM योगी के वीडियो ने जीता दिल
Courtesy: web

Krishna Janmashtami 2025: हर साल भाद्रपद मास की अष्टमी तिथि को मनाया जाने वाला श्रीकृष्ण जन्मोत्सव आज पूरे देश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है और लड्डू गोपाल की आराधना में लोग लीन हैं. इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोरखनाथ मंदिर से वीडियो सामने आया है, जिसमें वे छोटे-छोटे बच्चों से मिलते और उन्हें दुलारते दिखाई दे रहे हैं.

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किस तरह बालकृष्ण बने बच्चों को दुलार रहे हैं. उनसे बात कर रहे हैं. योगी ने बच्चों को चॉकलेट्स भी भेंट की हैं. यहां भगवान कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों ने सभी का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित कर लिया. मुख्यमंत्री के इस अंदाज़ ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया.

पूरे देश में जन्माष्टमी की धूम

आज सुबह से ही देशभर के मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है. मथुरा, वृंदावन, वाराणसी से लेकर दिल्ली और अहमदाबाद तक मंदिरों में जन्माष्टमी की धूम देखी जा सकती है. परिवारों के साथ लोग मंदिर पहुंचकर भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल हो रहे हैं. पिछले वर्षों की तरह इस बार भी अहमदाबाद में जन्माष्टमी को लेकर खास आयोजन किए गए हैं.

पूजा का शुभ मुहूर्त

ज्योतिषाचार्यों व विशेषज्ञों के अनुसार इस बार जन्माष्टमी पर कृष्ण जन्म और पूजन का शुभ मुहूर्त 16 अगस्त की रात 12.04 मिनट से शुरू होकर 12 बजकर 47 मिनट तक रहेगा. यानी श्रद्धालुओं को कुल 43 मिनट का समय मिलेगा, जिसमें वे लड्डू गोपाल की विशेष पूजा कर सकते हैं. इस दौरान छप्पन भोग अर्पित करना, माखन-मिश्री का भोग लगाना और आरती करना विशेष फलदायी माना जाता है.

विशेष पूजा और आस्था का संदेश

जन्माष्टमी केवल उत्सव का पर्व नहीं बल्कि यह भक्ति और आस्था का प्रतीक है. मान्यता है कि इस दिन विधिवत पूजा करने से भगवान कृष्ण प्रसन्न होते हैं और भक्तों को सुख, समृद्धि और मनचाहा आशीर्वाद देते हैं. गोरखनाथ मंदिर में योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी ने इस पर्व को और भी खास बना दिया. बच्चों के साथ उनका आत्मीय व्यवहार भक्तों के लिए एक यादगार दृश्य बन गया.