T20 World Cup 2026

कांवड़ियों ने मुजफ्फरनगर में जल खंडित होने के बाद सड़क पर मचाया तांडव, वीडियो में देखें कैसे लाठियों से तोड़ी बाइक

मुजफ्फरनगर ने कांवड़ियों ने बाइक से टकराकर जल खंडित होने के बाद सड़क पर जमकर तांडव मचाया. पुलिस वालों ने आने के बाद पूरे मामले को शांत किया. इससे पहले कांवड़ियों ने एक ढाबे पर भी जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किया था.

Social media
Hemraj Singh Chauhan

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों ने बीच सड़क पर तांडव मचाया. ये पूरी घटना शिव चौक की है. यहां पर  दिल्ली से आए शिव भक्त की कांवड़ अचानक एक बाइक से टकरा गई. इसके बाद वहां मौजूद कुछ कांवड़ियों का गुस्सा आसमान पर पहुंच गया. उन्होंने बाइक को बीच सड़क पर गिराया और उसके बाद उस पर दनादन लाठियां बरसानी शुरू कर दी. 

कांवड़ियों ने न सिर्फ बाइक को तोड़ा बल्कि बाइक सवार युवक के साथ भी मारपीट की. इसका वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में नजर आ रहा है कि पुलिस वाले मौके पर पहुंचकर कांवड़ियों को समझाने की कोशिश करते हैं. वो बाइक पर लाठियां बरसा रहे युवकों को रोकते हैं और जमीन पर गिरी बाइक को उठाते हैं.

पुलिस के सामने बाइक पर बरसाई लाठियां

वीडियो में आगे देखा जा सकता है जब पुलिस वाले बाइक को वहां से ले जाने की कोशिश करते हैं. उस दौरान भी कुछ कांवड़िए बाइक पर लाठियां बरसाते रहते हैं. किसी तरह वहां खड़े अन्य पुलिस वाले उन्हें रोकते हैं. इस बवाल की वजह से में शिव चौक पर  यातायात भी प्रभावित हुआ और थोड़ी देर के लिए अफरातफरी का माहौल हो गया. शिव चौक पर ये घटना हुई है वो नगर कोतवाली थाना क्षेत्र का है. 

कांवड़ियों की मारपीट के कई मामले आए सामने

मुजफ्फरनगर ने इससे पहले कांवड़ियों ने एक ढाबे पर भी जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किया था. यहां खाने में प्याज मिलने से वो भड़क गए थे. ये सभी कांवड़िए हरिद्वार से गंगा जल लौटकर आ रहे थे.सूचना मिलते ही पुलिस थाने पर पहुंची और मामला शांत कराया. फिलहाल ढाबे को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है.