'पीएम मोदी ने योग को दिलाई वैश्विक पहचान', झांसी में योग करते दिखे सीएम योगी
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योगाभ्यास किया. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश के झांसी में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया.
इस वर्ष योग दिवस की थीम स्वस्थ बुढ़ापे के लिए योग रखी गई है, जिसका उद्देश्य लोगों को बढ़ती उम्र में भी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग अपनाने के प्रति जागरूक करना है.
योग केवल भारत तक सीमित नहीं
झांसी की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज योग केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का माध्यम बन चुका है. उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की अमूल्य धरोहर है, जिसे वैश्विक मंच तक पहुंचाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने भारत की प्राचीन परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को विश्व स्तर पर सम्मान दिलाने का कार्य किया है. उनके नेतृत्व में योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली और आज दुनिया के अनेक देशों में करोड़ों लोग नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर वर्ष अलग-अलग राज्यों में जाकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में भाग लेते हैं और योग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं. उनके प्रयासों का ही परिणाम है कि आज योग दिवस एक वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है. उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है.
सीएम योगी ने की लोगों से अपील
मुख्यमंत्री ने झांसी में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने लोगों से अपील की कि वे योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं. कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश दिया.