बुजुर्ग मुस्लिम से 'जय श्री राम' के नारे लगाने को कहा, इनकार करने पर कैब ड्राइवर को धमकाया, वीडियो आया सामने
यूपी की ताजनगरी में मुस्लिम कैब ड्राइवर को 'जय श्री राम' का नारा लगाने के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है. मुस्लिम शख्स द्वारा ऐसा न करने पर उसे धमकी भी दी गयी. इस पुरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
आगरा: उत्तर प्रदेश के जनपद आगरा में ताजमहल पार्किंग लॉट के पास कुछ लड़कों द्वारा एक बुज़ुर्ग मुस्लिम आदमी को परेशान करने और उसे जबरन जय श्री राम का नारा लगाने के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है.
जानकारी के मुताबिक जब बुजुर्ग मुस्लिम शख्स ने ऐसा करने से मना किया तो उसे धमकाया गया. इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया गया, जो अब जमकर वायरल हो रहा है.
बुजुर्ग मुस्लिम शख्स को धमकाया गया!
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें साफ देखा जा रहा है कि एक लड़का मोहम्मद रईस नमक शख्स से जय श्री राम का नारा लगाने के लिए कह रहा है। रईस ने मना कर दिया, तो फिर उस आदमी ने रईस को धमकाया और वीडियो को इंस्टाग्राम पर ऐसे कैप्शन के साथ पोस्ट कर दिया, जिसमें कहा गया था कि रईस को कुछ दिनों में नारा लगाने के लिए मजबूर किया जाएगा।
पुलिस ने लिया मामले का संज्ञान
जानकारी के मुताबिक यह वीडियो ताजमहल पार्किंग एरिया के पास ये वीडियो रिकॉर्ड किया गया है, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं व्यक्त कर रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया है. पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
एक आरोपी की हुई पहचान, एक अन्य अज्ञात
इस पुरे मामले को लेकर ताजगंज पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज ने कहा कि FIR दर्ज कर ली गई है और आरोपियों को ढूंढने की कोशिश की जा रही है, जिनमें एक की पहचान कर ली गई है, जबकि एक अन्य की पहचान की कोशिश की जा रही है. अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि इस घटना में शामिल बुज़ुर्ग रईस, कैब ड्राइवर के तौर पर काम करता है और टूरिस्ट को ताजमहल ले जाता है। यह घटना तब सामने आया है, जब हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा अयोध्या स्थित राम मंदिर पर धर्म ध्वज फहराया गया है.