अयोध्या में धर्म, संस्कृति और विकास का महाकुंभ, सीएम योगी करेंगे रामायण वैक्स म्यूजियम समेत कई परियोजनाओं का लोकार्पण
रामनगरी अयोध्या शुक्रवार को धर्म, संस्कृति और विकास के अनूठे संगम की साक्षी बनेगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैन मंदिर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव, महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव समारोह और लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बने रामायण वैक्स म्यूजियम के लोकार्पण सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.
रामनगरी अयोध्या एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बनने जा रही है. धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास को एक साथ आगे बढ़ाने की दिशा में शुक्रवार का दिन विशेष महत्व रखता है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को अयोध्या पहुंचकर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे.
मुख्यमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब अयोध्या तेजी से एक वैश्विक धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रही है. सरकार की ओर से शहर में लगातार नई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
जैन समाज के प्रमुख आयोजन में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 3:30 बजे श्री ऋषभ देव दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लेंगे. जैन धर्म में इस आयोजन का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है. पंचकल्याणक महोत्सव तीर्थंकरों के जीवन की पांच प्रमुख घटनाओं गर्भ, जन्म, तप, केवलज्ञान और मोक्ष की स्मृति में मनाया जाता है. इस अवसर पर देशभर से आए जैन श्रद्धालु, संत, मुनि और धर्माचार्य मौजूद रहेंगे. अयोध्या का जैन परंपरा से भी ऐतिहासिक संबंध माना जाता है, इसलिए यह आयोजन जैन समाज के लिए विशेष महत्व रखता है. मुख्यमंत्री की उपस्थिति कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाएगी.
महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव में जुटेंगे संत-महंत
शाम करीब 4:20 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महंत नृत्य गोपालदास के जन्मोत्सव समारोह में शामिल होंगे. रामजन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे महंत नृत्य गोपालदास का सनातन परंपरा और राम मंदिर आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है. इस अवसर पर देशभर से संत-महंत, धार्मिक संगठन के प्रतिनिधि और अनेक गणमान्य अतिथि अयोध्या पहुंचेंगे. समारोह में उनके सामाजिक, धार्मिक और आध्यात्मिक योगदान को याद किया जाएगा. धार्मिक जगत के कई प्रमुख संतों की उपस्थिति कार्यक्रम को विशेष स्वरूप देगी.
रामायण वैक्स म्यूजियम का लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम करीब 5:10 बजे कांशीराम कॉलोनी के निकट निर्मित रामायण वैक्स म्यूजियम का लोकार्पण करेंगे. लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह म्यूजियम अयोध्या के पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान जोड़ने जा रहा है.
म्यूजियम में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान और रामायण के अन्य प्रमुख पात्रों की जीवंत मोम प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं. सीएम योगी आज अयोध्या की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे.