menu-icon
India Daily

कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा: 'गुटखा किंग' के बेटे शिवम मिश्रा के पीछे किसका हाथ! बवाल के बाद FIR में जोड़ा गया नाम

चश्मदीदों ने बताया कि कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी. इसके बाद सड़क किनारे खड़ी बाइक पर चढ़ गई. बाइक सवार करीब 10 फुट हवा में उछल गया.

Anuj
Edited By: Anuj
कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा: 'गुटखा किंग' के बेटे शिवम मिश्रा के पीछे किसका हाथ! बवाल के बाद FIR में जोड़ा गया नाम
Courtesy: Social Media

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में तेज रफ्तार लग्जरी कार से हुए हादसे ने शहर में हड़कंप मचा दिया. पॉश इलाके ग्वालटोली की वीआईपी रोड पर एक लैंबॉर्गिनी कार ने कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी. इस हादसे में छह लोग घायल हो गए. कार कथित तौर पर तंबाकू कारोबारी का बेटा शिवम मिश्रा चला रहा था.

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार दोपहर करीब सवा तीन बजे रेव-3 मॉल के पास हुई. शुरुआत में पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया था. उस समय FIR में शिवम मिश्रा का नाम शामिल नहीं किया गया. पुलिस का कहना था कि चालक की पहचान तुरंत नहीं हो पाई थी, इसलिए गाड़ी के नंबर के आधार पर केस दर्ज किया गया.

पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे

मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे. इसके बाद पुलिस बैकफुट पर आई. पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार शिवम मिश्रा चला रहा था. इसके बाद उनका नाम FIR में जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई.

पुलिस कमिश्नर का बयान

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि हादसे में तौफीक नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हुआ. वह अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़ा था, तभी कार ने टक्कर मार दी. तौफीक कई मीटर दूर जा गिरा और उसके हाथ-पैर में चोटें आईं. अन्य घायलों को भी फ्रैक्चर और हल्की चोटें आई हैं. सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

चश्मदीदों ने क्या बताया?

घटना के चश्मदीदों ने बताया कि कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी. इसके बाद सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल पर चढ़ गई. मोटरसाइकिल सवार करीब 10 फुट हवा में उछल गया. कार उसे कुछ दूरी तक घसीटती हुई ले गई और फिर बिजली के खंभे से टकराकर रुकी.

आक्रोशित लोगों ने कार को घेरा

हादसे के बाद स्थानीय लोग गुस्से में मौके पर इकट्ठा हो गए. लोगों ने कार को घेर लिया. आरोप है कि आरोपी के साथ मौजूद बाउंसर ने भीड़ को हटाने की कोशिश की और अभद्रता की. इससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

पुलिस ने कार को किया जब्त

पुलिस ने लैंबॉर्गिनी कार को जब्त कर लिया है. नशे में गाड़ी चलाने की आशंका को लेकर जांच की जा रही है. वहीं, स्थानीय लोगों और पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी के परिवार के प्रभाव के कारण पुलिस नरमी बरत रही है और समझौते का दबाव बनाया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी.