menu-icon
India Daily

जेफ्री एपस्टीन के जिस 'कुख्यात' प्राइवेट आइलैंड में होता था लड़कियों का यौन शोषण, जानें अब कौन है मालिक?

नाबालिगों के शोषण के आरोपों में एपस्टीन को गिरफ्तार किया गया था. 2019 में जब उस पर नए मामलों की सुनवाई होनी थी, तब वह जेल की कोठरी में मृत पाया गया. उसकी मौत के बाद एक-एक कर उसके कुकर्मों से जुड़े दस्तावेज और फाइलें सामने आने लगी.

Anuj
Edited By: Anuj
जेफ्री एपस्टीन के जिस 'कुख्यात' प्राइवेट आइलैंड में होता था लड़कियों का यौन शोषण, जानें अब कौन है मालिक?
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: जेफ्री एपस्टीन अमेरिका का एक अमीर फाइनेंसर था. उसकी गिनती ऐसे लोगों में होती थी, जिनकी दोस्ती दुनिया के कई ताकतवर और प्रभावशाली लोगों से थी. बाहर से वह एक सफल कारोबारी दिखता था, लेकिन अंदर ही अंदर उस पर नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगे. इन्हीं आरोपों ने उसे दुनिया भर में बदनाम कर दिया.

एपस्टीन ने साल 1998 में अमेरिका के वर्जिन आइलैंड्स में स्थित लिटिल सेंट जेम्स नाम का एक द्वीप खरीदा था. यह द्वीप करीब 72–75 एकड़ में फैला हुआ है और सेंट थॉमस तट से लगभग दो मील दूर स्थित है. आरोप है कि एपस्टीन इसी द्वीप पर अमीर और ताकतवर लोगों के लिए सीक्रेट पार्टियां आयोजित करता था, जहां नाबालिग बच्चियों का शोषण किया जाता था. इन्हीं कारणों से इस द्वीप को बाद में 'पेडोफाइल आइलैंड' कहा जाने लगा.

बाहर से स्वर्ग, अंदर से डरावना

लिटिल सेंट जेम्स द्वीप पर कई लग्जरी सुविधाएं थी. यहां बड़े-बड़े विला, दो गेस्ट लॉज, एक स्विमिंग पूल, हेलीपैड और शानदार हॉलिडे होम मौजूद थे. कहा जाता है कि एपस्टीन के निजी विमान से कई रसूखदार लोग यहां आते-जाते थे. इस विमान को लोग 'लोलिता एक्सप्रेस' के नाम से जानते थे. साफ पानी और खूबसूरत नजारों वाला यह द्वीप बाहर से स्वर्ग जैसा दिखता था, लेकिन अंदर की सच्चाई बेहद डरावनी थी.

जेल में मौत और खुलते राज

नाबालिगों के शोषण के आरोपों में एपस्टीन को गिरफ्तार किया गया था. 2019 में जब उस पर नए मामलों की सुनवाई होनी थी, तब वह जेल की कोठरी में मृत पाया गया. उसकी मौत के बाद एक-एक कर उसके कुकर्मों से जुड़े दस्तावेज और फाइलें सामने आने लगी, जिन्हें 'एपस्टीन सीक्रेट फाइल्स' कहा गया.

अब द्वीप का मालिक कौन है?

एपस्टीन की मौत के बाद उसके दोनों द्वीप- लिटिल सेंट जेम्स और पास का ग्रेट सेंट जेम्स बिक्री के लिए रखे गए. बाद में अरबपति कारोबारी स्टीफन डेकॉफ ने इन दोनों द्वीपों को करीब 60 मिलियन डॉलर में खरीद लिया. डेकॉफ एक प्राइवेट इक्विटी फर्म के संस्थापक हैं.

प्रोजेक्ट में क्यों हो रही देरी?

नए मालिक की योजना इन द्वीपों पर एक आधुनिक, पांच सितारा और करीब 25 कमरों वाला लग्जरी रिसॉर्ट बनाने की है. हालांकि, एपस्टीन से जुड़ी बदनामी के कारण इस प्रोजेक्ट में लगातार देरी हो रही है. फिलहाल, यह द्वीप अब भी अपने काले अतीत के कारण चर्चा में बना हुआ है और लोग जानना चाहते हैं कि क्या यह जगह कभी अपनी भयावह पहचान से बाहर आ पाएगी.


 

सम्बंधित खबर