‘चिकन काली मिर्च’ में कॉकरोच मिलने के बाद करीम रेस्टोरेंट हुआ बंद, जांच में सामने आया हैरान कर देने वाला सच

पूरा मामला तब सामने आया जब ग्राहकों ने स्विगी ऐप से मंगाए गए ऑर्डर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं. पोस्ट में ‘चिकन काली मिर्च’ की डिश में कॉकरोच और मक्खी दिखाई दी, जिसके बाद लोगों ने कड़ी नाराज़गी जताई. प्रशासन ने इन वायरल तस्वीरों के आधार पर जांच शुरू की.

@omvir340
Sagar Bhardwaj

अलीगढ़ का लोकप्रिय दुआ करीम रेस्टोरेंट को उस समय भारी फजीहत झेलनी पड़ी, जब ‘चिकन काली मिर्च’ की सर्विंग में कॉकरोच और मक्खी मिलने की तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल हो गईं. ग्राहकों की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया. जांच में रेस्टोरेंट की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई, जिसके चलते प्रशासन ने रेस्टोरेंट को फिलहाल बंद कर दिया है.

गंदगी मिली, रेस्टोरेंट पर तत्काल रोक

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार तोमर की अगुवाई में एफएसडीए टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट की रसोई और भंडारण क्षेत्र में गंदगी पाई. टीम को साफ-सफाई के मानक नाकाफी लगे. प्रशासन ने इस आधार पर रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी करते हुए संचालन पर अगले आदेश तक रोक लगाने का आदेश दिया है.

‘चिकन काली मिर्च’ और मसालों के नमूने सील

निरीक्षण के दौरान टीम ने मौके से ‘चिकन काली मिर्च’ का नमूना भरा और उसे लैब परीक्षण के लिए भेजा. इसके अलावा रेस्टोरेंट की ही दूसरी शाखा, जो शमशाद मार्केट में संचालित है, वहां से मिर्च पाउडर का सैंपल लिया गया. दोनों नमूनों की रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

सोशल मीडिया से शुरू हुआ मामला

पूरा मामला तब सामने आया जब ग्राहकों ने स्विगी ऐप से मंगाए गए ऑर्डर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं. पोस्ट में ‘चिकन काली मिर्च’ की डिश में कॉकरोच और मक्खी दिखाई दी, जिसके बाद लोगों ने कड़ी नाराज़गी जताई. प्रशासन ने इन वायरल तस्वीरों के आधार पर जांच शुरू की.

FSDA ने दी सख्त चेतावनी

सहायक आयुक्त-2 डॉ. दीनानाथ यादव ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित रेस्टोरेंट पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि यदि कहीं भी अस्वच्छ भोजन या मिलावट का संदेह हो तो तुरंत सूचना दें. खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना और लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन का संदेश: लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

एफएसडीए ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रतिष्ठान में स्वच्छता से समझौता नहीं किया जाएगा. जांच टीम ने रेस्टोरेंट को दोबारा खोलने से पहले सफाई मानकों का प्रमाण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. प्रशासन ने कहा है कि जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर हर हाल में सख्त कदम उठाए जाएंगे.