Anupgarh Rape Case: राजस्थान के 3 एनडी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला के साथ सहानुभूति के नाम पर दोस्ती कर उसके साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग की गई. आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सुनील सिंह पुत्र जसवीर सिंह के रूप में हुई है. उसकी पत्नी का कुछ समय पूर्व निधन हो गया था, जिसके बाद वह पीड़िता के संपर्क में आया.
थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के अनुसार, आरोपी महिला के घर सहानुभूति दिखाने के बहाने आने-जाने लगा. महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसने चोरी-छिपे उसके मोबाइल से उसकी तस्वीरें खींच लीं और फिर उन्हें अन्य अश्लील तस्वीरों के साथ एडिट कर अश्लील कंटेंट बना लिया.
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने इन एडिट की गई तस्वीरों को दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. एक दिन जब वह घर पर अकेली थी, तब आरोपी ने उसे धमकाया और जबरन उसके साथ बलात्कार किया. इसके बाद भी वह लगातार धमकी देता रहा और आपत्तिजनक तस्वीरें मोबाइल पर भेजता रहा.
महिला की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल की फॉरेंसिक जांच की जा रही है, ताकि अश्लील कंटेंट और अन्य डिजिटल सबूतों की पुष्टि की जा सके.
थानाधिकारी ने कहा: 'पीड़िता की शिकायत पर हमने तत्काल कार्रवाई की है. इस प्रकार के मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.'