Gurdaspur Incident: पंजाब के गुरदासपुर जिले से एक मामला सामने आया था, जिसमें एक बहू ने अपनी बुजुर्ग सास की बेरहमी से पिटाई की थी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वीडियो में आरोपी महिला हरजीत कौर अपनी सास गुरभजन कौर को बाल खींचते, थप्पड़ मारते और गालियां देते हुए दिखाई दे रही थी.
घटना गुरदासपुर के कोठे गांव की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हरजीत कौर अपनी बुजुर्ग सास पर लगातार हाथ उठा रही है. वह उन्हें स्टील के गिलास से मारती है और थप्पड़ पर थप्पड़ जड़ती है. इतना ही नहीं, वह उनकी स्लीपर भी खींचकर मारने की कोशिश करती है. वीडियो में पीड़िता जोर-जोर से रोती नजर आती है, जबकि आरोपी महिला लगातार गाली-गलौच करती रहती है.
इस दौरान घर में मौजूद बच्चा भी अपनी मां से दादी को छोड़ने की गुहार लगाता है. वीडियो में बच्चा रोते हुए कहता है, 'बस करो मम्मा... दादी को मत मारो.' इसके बावजूद बहू अपने हमले को रोकती नहीं है. महिला आयोग की अध्यक्ष राज गिल ने इस घटना पर संज्ञान लेते हुए गुरदासपुर के एसएसपी को पत्र लिखा है. उन्होंने कहा कि एक असहाय बुजुर्ग महिला पर की गई यह बर्बरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
यह वीडियो वायरल है जिसमे बहु पीट रही है अपनी सास कों 😭 pic.twitter.com/fswRD1QPyZ
— ममता राजगढ़ (@rajgarh_mamta1) October 2, 2025
पीड़िता गुरभजन कौर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनकी बहू हरजीत अक्सर शराब पीकर उन्हें मारती-पीटती और गालियां देती है. उन्होंने आरोप लगाया कि बहू उन पर संपत्ति अपने नाम करने का दबाव डाल रही है. बुजुर्ग महिला ने बताया कि जिस दिन वीडियो बना, उस दिन उनकी तबीयत खराब थी और वह बहू के लिए खाना नहीं बना पाईं. इसी बात से नाराज होकर हरजीत ने उन पर हमला कर दिया. पीड़िता ने यह भी कहा कि बहू ने उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया है. महिला आयोग ने साफ कर दिया है कि बुजुर्गों की सुरक्षा और अधिकार उनकी प्राथमिकता है. आयोग का कहना है कि इस मामले में कानून के तहत जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी.